Coronavirus, Covid-19: देश भर में कोरोना वायरस का खौफ है। इस गंभीर संक्रमण से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या 11 हजार के पार हो गई है। अब गुजरात के अहमदाबाद के अस्पताल में भर्ती  कोरोना संक्रमित मरीजों को धर्म के आधार पर वार्ड में रखने की खबर सामने आई है। अहमदाबाद सिविल अस्पताल के मेडिकल सुप्रीटेन्डेंट डॉक्टर एच राठौड़ ने ‘Indian Express’ से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार के निर्देश के बाद हिंदू और मुस्लिम मरीजों के लिए अलग-अलग वार्ड बनाए गए हैं।

डॉक्टर राठौड़ ने कहा कि ‘अस्पताल में आम तौर पर पुरुष और महिला मरीजों के लिए अलग-अलग वार्ड होते हैं। अस्पताल के नियम के मुताबिक कोरोना वायरस के किसी संदिग्ध मरीज को वैसे मरीजों से अलग रखा जाता है जिनमें वायरस होने की पुष्टि हो जाती है। इस अस्पताल में 186 लोग भर्ती हैं जिनमें 150 लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है। इन 150 में से 40 मुस्लिम हैं।

राज्य के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने ‘The Indian Express’ से बातचीत करते हुए कहा कि ‘धर्म के आधार पर वार्ड बनाए जाने के फैसले के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वहां महिला और पुरुष के लिए अलग वार्ड हैं। मैं इसकी जांच करूंगा।’

अहमदाबाद के कलेक्टर के के निराला ने भी ऐसी किसी बात की जानकारी होने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि ‘हमारी तऱफ से ऐसा कोई निर्देश नहीं दिया गया है और ना ही उन्हें सरकार की तरफ से दिये गये ऐसे किसी निर्देश के बारे में मालूम है।’

Ahmedabad Civil Hospital के नये ब्लॉक को COVID-19 केंद्र बनाया गया है। इस अस्पताल में भर्ती एक मरीज ने बताया कि ‘रविवार की रात A-4 वार्ड में भर्ती 28 लोगों को बाहर आने के लिए कहा गया।

इसके बाद हमें दूसरे वार्ड C-4 में शिफ्ट कर दिया गया। हालांकि हमें यह नहीं बताया गया कि आखिर हमें शिफ्ट क्यों किया गया है। जिन 28 लोगों को वहां से हटाया गया वो सभी एक ही समुदाय से ताल्लुक रखते थे। अस्पताल के एक कर्मी ने हमें बताया कि ऐसा दोनों समुदायों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया गया है।’

कोरोना वायरस से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए इन लिंक्स पर क्लिक करें | गृह मंत्रालय ने जारी की डिटेल गाइडलाइंस | क्या पालतू कुत्ता-बिल्ली से भी फैल सकता है कोरोना वायरस? | घर बैठे इस तरह बनाएं फेस मास्क | इन वेबसाइट और ऐप्स से पाएं कोरोना वायरस के सटीक आंकड़ों की जानकारी, दुनिया और भारत के हर राज्य की मिलेगी डिटेलक्या गर्मी बढ़ते ही खत्म हो जाएगा कोरोना वायरस?