उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लगभग हर राजनीतिक दल राम का नाम भुनाने की कोशिश में लगा हुआ है। इसी विषय पर न्यूज़ 18 इंडिया चैनल पर आयोजित एक डिबेट में समाजवादी पार्टी के नेता अनुराग भदौरिया ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा, बीजेपी का हाल यह है कि राम राम जपना—पराया माल अपना।
भदौरिया ने कहा, प्रभु राम हमारे लिए आस्था हैं और भारतीय जनता पार्टी के लिए राजनीति का विषय। इनका प्रभु राम से कोई लेना-देना नहीं है। अगर ये लोग प्रभु राम को आराध्य मानते तो उनके बच्चों की देखभाल करते। न कि लखीमपुर खीरी में थार से लोगों को रौंदते।
अनुराग ने कहा, जब सैंया भए कोतवाल तो काहे का डर। यही इनका राम राज्य है। ऐसे रामराज की परिकल्पना देश के लोगों ने नहीं की थी। उन्होंने कहा कि, प्रभु राम की बच्चियों का चीर हरण होता रहे पर बीजेपी वालों को कोई फर्क नहीं पड़ता है।
डिबेट में मौजूद बीजेपी नेता मनोज तिवारी से पूछा गया कि क्या राम केवल आपके हैं? इस पर उन्होंने कहा, रामजी तो जन-जन के हैं लेकिन यह प्रेम तब भी दिखना चाहिए था जब प्रभु राम के मंदिर बनने की बात हो रही थी। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सवाल उठाया। उन्होंने कि केजरीवाल तो कहते थे कि उनकी नानी ने कहा था कि मस्जिद गिराकर मंदिर बने यह हमें स्वीकार नहीं है।
इस पर आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता दीपक बाजपेई ने कहा, हमारी पार्टी की ओर से हमेशा कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट पर आस्था रखिए। रक्तपात और उन्माद बढ़ाने वाले लोगों का हमने विरोध किया है। इसे भगवान राम से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने अपना निर्णय दिया जिसके बाद इस देश में भव्य राम मंदिर की स्थापना हो रही है। सुप्रीम कोर्ट ने भी मस्जिद गिराने को लेकर कहा था कि वह घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी।