अयोध्या कारसेवकपुरम से चौरासी कोस परिक्रमा के लिए साधु-संतों की रवानगी के साथ ही भगवान राम के जलाभिषेक के आयोजन की तैयारी सामने आई है। श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के तेजी से जारी काम के बीच बताया गया है कि 23 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सातों महादेश के 155 देशों की नदियों के जल से रामलला का अभिषेक करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मनीराम दास छावनी सभागार में ‘जल कलश’ की पूजा करेंगे।

155 देशों की नदियों का जल लेकर अयोध्या पहुंची टीम

दुनिया भर के महासागर, समुद्र और नदियों के जल से रामलला के अभिषेक के अवसर पर भव्य आयोजन के बारे में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया। उन्होंने कहा कि जलाभिषेक के लिए एक गैर सरकारी संस्था दिल्ली स्टडी ग्रुप के अध्यक्ष विजय जॉली की टीम 155 देशों की नदियों के जल का कलश सीएम योगी आदित्यनाथ को सौंपेंगी। साल 2020 से दुनिया भर की नदियों का जल इकट्ठा कर रही टीम जल्द ही अयोध्या पहुंचेगी। टीम का नेतृत्व करने वाले विजय जॉली गुरुवार को अयोध्या पहुंच चुके हैं।

रूस-यूक्रेन और पाकिस्तान की नदियों से भी लाया जल

चंपत राय से आयोजन को लेकर बैठक के बाद विजय जॉली ने कहा कि उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व प्रमुख स्वर्गीय स्वर्गीय अशोक सिंघल और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से प्रेरणा लेकर दुनिया भर की नदियों और समुद्रों का जल इकट्ठा कर प्रभु श्रीराम के राम मंदिर का जलाभिषेक करने का प्रण लिया था। उन्होंने कहा कि युद्ध में फंसे रूस और यूक्रेन की नदियों के साथ ही पाकिस्तान की एक नदी से भी काफी मेहनत से जल भारत लाया गया। पाकिस्तान से दुबई के रास्ते जल भारत लाया गया। सभी नदियों के जल को हर की पैड़ी हरिद्वार में तांबे के कलश में पैक कराया गया है।

राम जन्मभूमि Ayodhya पहुंचे CM Yogi, Ram Mandir का लिया जायज़ा | Video

भूमिपूजन में अखंड भारत की नदियों का जल और तीर्थों की मिट्टी

इससे पहले अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर के पुनर्निर्माण के समय भी भूमिपूजन में अखंड भारत की नदियों का जल और तीर्थों की मिट्टी लाई गई थी। अब निर्माण पूरा होने के करीब पहुंचे राम मंदिर के जलाभिषेक के लिए दुनिया भर के समुद्र और नदियों का जल लाया गया है। भव्य जलाभिषेक कार्यक्रम के लिए धार्मिक और आध्यात्मिक गुरुओं समेत कई देशों के राजनयिक और देश के गणमान्य हस्तियों को बुलाया जा रहा है। 155 देशों से जल लाने की पूरी प्रक्रिया पर एक फिल्म भी बनाई गई है जो 23 अप्रैल को समारोह के दौरान दिखाई जाएगी।