हिमाचल प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सत्तपाल सत्ती प्रदर्शनकारियों को खुलेआम धमकी देते हुए देखे गए। उनके धमकी देने का वीडियो भी सामने आया है। मामला हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले का है जहां गुरुवार (30 जून 2022) को सीएम जयराम ठाकुर के दौरे के दौरान युवा कार्यकर्ता काले झंडे दिखाने पहुंचे थे। इस दौरान वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने पर जमीन में गाड़ देने की बात कही।
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस वक्त बिगड़ गया जब सतपाल सिंह सत्ती घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हद में रहने को कहा। पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि किसी को भी इस तरह काले झंडे दिखाना शोभा नहीं देता। सत्ती इतने पर भी नहीं रुके, उन्होंने यहां तक कह डाला कि उनमें कितना दम है हम भी जानते हैं।
दरअसल, सोलन जाते हुए सीएम जयराम ठाकुर कुछ देर के लिए ऊना रुके थे। इस दौरान उनके काफिले को युवाओं ने काले झंडे दिखाए। काले झंडे देख भाजपा के कार्यकर्ता हमलावर हो गए और हाथापाई पर उतर आए। जिसके बाद वहां भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतपाल सत्ती भी पहुंचे और युवाओं को धमकाया।
इस घटना का वीडियो ट्विटर पर शेयर करते हुए हिमाचल कांग्रेस ने लिखा, “काले झंडे दिखाए तो जमीन में गाड़ दूंगा मैं – सतपाल सत्ती (पूर्व भाजपा अध्यक्ष)। सतपाल सत्ती जी शायद भूल गए कि वो अभी भी लोकतंत्र में रहते हैं जहां शांति पूर्वक अपना रोष प्रकट किया जा सकता है। भाजपा का ये कृत्य अपनी हार सामने देख बौखलाहट की निशानी है।”
वहीं, दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया अध्यक्ष एवं प्रवक्ता अभिषेक राणा ने कहा कि ऊना में सतपाल सत्ती और उनके कार्यकर्ताओं ने जो किया वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता की समस्याओं को सुनना तो दूर की बात है, वे गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। सच में सत्ता का नशा भाजपा नेताओं के सिर चढ़कर बोल रहा है।
सतपाल सिंह सत्ती हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष रहने के साथ ही ऊना से तीन बार विधायक भी रहे हैं। भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में राहुल गांधी से ED की पूछताछ पर सतपाल सत्ती ने कहा था कि कांग्रेस धरना प्रदर्शन के जरिए ED पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।