समाजवादी पार्टी के लिए जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट साख का सवाल बन गई है। अब तक केवल करहल में अपने पुत्र और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के लिए प्रचार करने वाले पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को मल्हनी में सपा उम्मीदवार के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान, मुलायम सिंह ने अचानक एक शख्स को फटकार लगानी शुरू कर दी।
मुलायम सिंह यादव मल्हनी में जनसभा को संबोधित कर रहे थे, उसी वक्त मंच पर किसी तरह की हरकत होने पर सपा संरक्षक ने फटकार लगाते हुए उस शख्स को हटने के लिए कहा। जनसभा को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह ने कहा, “इस देश के सामने बहुत बड़ी चुनौतियां हैं, जाति-पात का भेदभाव, अन्याय, अत्याचार, गरीबों के लिए कोई सुविधा नहीं, पढ़े-लिखे युवा बेरोजगार हैं। किसान मेहनत से फसल पैदा करता है लेकिन उसको फसल की सही कीमत नहीं मिलती है।”
भाषण के बीच में मुलायम सिंह यादव ने दोबारा किसी चीज को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, “यहां बीच में लोग क्यों आ रहे हैं?” मल्हनी की जनता को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि इन परिस्थितियों में सबसे बड़ी जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी की है। मुलायम सिंह यादव ने कहा कि नौजवानों, बेरोजगारों, किसानों की समस्याओं को केवल समाजवादी पार्टी ही उठा रही है।” मल्हनी में मुलायम सिंह यादव पूरे जोश के साथ भाषण देते नजर आए।
इसके पहले, मुलायम सिंह यादव ने करहल में अखिलेश यादव के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया था। हालांकि, तब वे भाषण के दौरान अखिलेश यादव का नाम भूल गए थे। दरअसल, मुलायम जब भाषण खत्म करने लगे तो वह अखिलेश को जितवाने की अपील करना भूल गए। उसी वक्त, उनके नजदीक खड़े धर्मेंद्र यादव ने पर्ची पकड़ाते हुए अखिलेश यादव का नाम बताया। इसके बाद, मुलायम ने करहल की जनता से अखिलेश को विजयी बनाने की अपील की।
मुलायम सिंह यादव के करीबी रहे पूर्व मंत्री पारसनाथ यादव के बेटे लकी यादव समाजवादी पार्टी के टिकट पर मल्हनी से चुनाव मैदान में हैं। साल 2020 में पूर्व मंत्री पारसनाथ यादव का निधन हो गया था, जिसके बाद हुए उपचुनाव में लकी यादव ने जीत दर्ज की थी। मल्हनी से पूर्व सांसद और बाहुबली धनंजय सिंह नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यू) के टिकट पर ताल ठोक रहे हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व सांसद केपी सिंह को मल्हनी से चुनाव मैदान में उतारा है। जबकि बसपा ने शैलेंद यादव को टिकट दिया है।