Irfan Solanki Case: उत्तर प्रदेश की महाराजगंज जेल से लाए गए सपा व‍िधायक इरफान सोलंकी की बुधवार (4 जनवरी, 2022) को तीन अलग-अलग मामलों में कानपुर कोर्ट में पेशी हुई। इसमें से गैंगस्‍टर मामले में पुल‍िस को र‍िमांड म‍िल गई है। वहीं कोर्ट ने अगली सुनवाई के ल‍िए 2 फरवरी की तारीख दी है। इससे पहले मंगलवार को कानपुर के आर्य नगर क्षेत्र के विधायक अमिताभ बाजपेई (Amitabh Bajpai) ने महाराजगंज जेल में बंद सोलंकी से मुलाकात की थी। इस दौरान बाजपेई ने बताया कि इरफान सोलंकी जेल में क्या कर रहे हैं।

समाजवादी पार्टी (Samajwadi party) के विधायक अमिताभ बाजपेई (Amitabh Bajpai) ने बताया कि इरफान सोलंकी जेल के अंदर लोहिया और गांधी के आंदोलनों को पढ़ रहे हैं। उनके विचारों का अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब इरफान सोलंकी सरकार के इस दमन चक्र से बाहर आएंगे तो निश्चित रूप से एक मजबूत नेता के रूप में बाहर आएंगे। बाजपेई ने कहा कि यह सरकार समाजवादियों को दबा नहीं सकती। उन्होंने कहा कि समाजवादी स्प्रिंग की तरह हैं, जितना दबाओगे, उतना उछलेंगे।

भाजपा इरफान सोलंकी की छबि खराब करने की कोशिश कर रही: अमिताभ बाजपेई

सपा विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार सीसामऊ सीट को जितने के लिए तमाम तरह के हथकंडे अपना रही है, क्योंकि इरफान सोलंकी उस सीट से चार बार विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। इससे पहले उनके पिता इस सीट से विधायक रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि सरकार इस सीट को हथियाने के लिए इरफान सोलंकी की छबि को खराब कर रही है, लेकिन भाजपा इसमें सफल नहीं होगी।

इरफान पर प्लाट कब्जाने और और आगजनी का आरोप

बता दें, सपा विधायक इरफान सोलंकी के खिलाफ आठ नवंबर 2022 को एक महिला का प्लाट कब्जा करने की कोशिश और उसमें आगजनी के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। मुकदमा दर्ज होने के बाद सपा विधायक फरार हो गए थे और फर्जी आधार कार्ड से उन्होंने दिल्ली से मुंबई तक हवाई यात्रा की थी। मामले में भी सपा विधायक के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में विधायक ने अपने भाई रिजवान सोलंकी के साथ पुलिस आयुक्त आवास पर सरेंडर किया था।

अखिलेश यादव भी इरफान सोलंकी से कर चुके हैं मुलाकात

इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने जेल में समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी से मुलाकात की थी। इस दौरान अखिलेश यादव के साथ मुलाकात के दौरान सपा विधायक ने पुलिस प्रशासन पर साजिश के तहत उन्हें फंसाने का आरोप लगाया था। इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा था।