पश्चिमी यूपी में एक और एक्सप्रेसवे बनने जा रहा है। 74.3 किलोमीटर लंंबा यह एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे को लिंक करेगा। इस एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए जनवरी 2026 में जमीन अधिग्रहण का काम शुरू किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए अगले महीने से अपने क्षेत्र के 16 गांवों से लगभग 740 एकड़ जमीन खरीदने जा रहा है। YEIDA के अनुमान के अनुसार, यह भूमि करीब 1,200 करोड़ रुपये से खरीदी जाएगी।
अपने एरिया के किसानों से जमीन खरीदने के बाद YEIDA इस भूमि को उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) को सौंप देगा, जो एक्सप्रेसवे बनाने का काम करेगा। यह एक्सप्रेसवे अस्तित्व में आने के बाद जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए डायरेक्ट रोड कॉरिडोर बनाएगा।
एक्सप्रेसवे बनाने में खर्च होंगे 4,000 करोड़
अधिकारियों ने बताया कि जमीन के टुकड़ों का सर्वे पूरा हो चुका है और अधिग्रहण की तैयारी कर ली गई है। पूरे प्रोजेक्ट की कुल लागत लगभग 4,000 करोड़ रुपये आंकी गई है। कुल मिलाकर, भूमि अधिग्रहण दो जिलों के 56 गांवों में होगा। इनमें गौतमबुद्ध नगर के 8 गांव और बुलंदशहर के 48 गांव शामिल हैं। बुलंंदशहर के 48 गांवों में से 14 गांव खुर्जा तहसील का हिस्सा हैं, अन्य सभी बुलंदशहर, स्याना और शिकारपुर में आते हैं।
YEIDA एरिया में 24 मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाई जाएगी
द टाइम्स ऑफ इंडिया अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, इस लिंक एक्सप्रेसवे का लगभग 20 किमी हिस्सा YEIDA क्षेत्र में होगा। इसमें करीब 9 किमी का हिस्सा एलिवेटेड होगा। रिपोर्ट के बताया गया है कि यमुना सिटी में एक्सप्रेसवे के साथ-साथ 24 मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाई जाएगी। इससे गांवों और आसपास के सेक्टरों में रहने वाले लोगों का आना-जाना आसान होगा।
यमुना सिटी के भीतर एक्सप्रेसवे का मार्ग सेक्टर 4A, 5A, 6 से 11, 16, 21, 33 और 34 से होकर गुजरेगा। कॉरिडोर पर दो रोड ओवरब्रिज (आरओबी) और कई अंडरपास बनाए जाने की योजना है। YEIDA के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि यह मार्ग बुलंदशहर के स्याना के पास गंगा एक्सप्रेसवे के 44.3 किमी पॉइंट से शुरू होकर YEIDA के सेक्टर 21 में फिल्म सिटी क्षेत्र के पास यमुना एक्सप्रेसवे के 24.8 किमी पॉइंंट पर जाकर मिलेगा।
यह भी पढ़ें: यूपी के इन एक्सप्रेस वे पर बनेंगे होटल, रिजॉर्ट और थीम पार्क, यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
