पटना स्थित बिहार के मुख्य राजद कार्यलाय में छह टन वजनी लालटेन लगाया जा रहा है। इसका उद्घाटन खुद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव बुधवार को करेंगे। यह लालटेन राजद मुख्यालय में चौबीसों घंटे जलेगी।
मिली जानकारी के अनुसार इस लालटेन को तेजस्वी यादव की पहल पर बनाया गया है। दरअसल लालू यादव चारा घोटाले में पेशी के लिए पटना पहुंचे थे। इसीलिए उनके इसी दौरे के दौरान राजद ने इस लालटेन का उद्घाटन कार्यक्रम को भी रखा है। पटना में लालू यादव के आगमन को यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं।
राजद मुख्यालय में लगी यह लालटेन राजस्थान से मंगवाई गई है। इस लालटेन का वजन भारी होने के कारण इसे क्रेन की मदद से पहले से तय स्थान पर लगवाया गया है। बिहार राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह खुद अपनी देख-रेख में इस कार्यक्रम की तैयारियां पूरी करवा रहे हैं।
राजद सूत्रों के अनुसार पार्टी के 25 साल पूरे होने पर लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे तेजस्वी यादव ने इस लालटेन के बारे में प्लान किया था। जिसके बाद इसके लिए राजस्थान के कारीगरों से संपर्क किया गया और इस छह टन वजनी लालटेन को बनवाया गया।
इसके उद्घाटन होने तक राजद कार्यालय को बंद रखा गया है। पिछले दो दिनों से अंदर तैयारियां चल रही हैं और बाहरी लोगों के लिए कार्यालय बंद है। इस उद्घाटन कार्यक्रम के लिए लालू यादव करीब चार साल बाद राजद कार्यालय पहुंचेंगे।
पार्टी की स्थापना दिवस कार्यक्रम में भी लालू यादव दिल्ली से ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जुड़े थे। हालांकि उपचुनाव में वो प्रचार करने के लिए बिहार पहुंचे थे, लेकिन पार्टी दफ्तर नहीं गए थे। इससे पहले राजद सुप्रीमो 2017 में पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यालय गए थे। जिसके बाद अब वो बुधवार को इस विशालकाय लालटेन का उद्घाटन करने के लिए कार्यालय पहुंचेंगे।
बता दें कि लालू प्रसाद यादव करोडों रुपये के चारा घोटाले से संबंधित बांका कोषागार से जुड़े एक मामले में पटना स्थित सीबीआई की अदालत में मंगलवार को पेश हुए। जिसके बाद सीबीआई के विशेष न्यायाधीश प्रजेश कुमार ने मामले पर सुनवाई के लिए अगली तारीख 30 नवंबर तय की है। उन्होंने पिछले हफ्ते बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया था।