Delhi Sakshi Murder Case: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुई साक्षी की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार (30 मई) को साक्षी के परिवार को आर्थिक मदद की घोषणा की है। केजरीवाल ने कहा कि साक्षी के परिवार को दिल्ली सरकार 10 लाख रुपये की सहायता राशि देगी।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैंने साक्षी मर्डर का वीडियो देखा है। यह बहुत ही दर्दनाक हादसा है। उसकी जितनी निंदा की जाए वो कम है। केजरीवाल ने ऐलान किया कि आरोपी साहिल को कठोर से कठोर सजा दिलाने के लिए दिल्ली सरकार कोर्ट में बड़े से बड़ा वकील खड़ा करेगी।

केजरीवाल ने LG पर कसा तंज

आप के राष्ट्रीय संयोजक ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए। केजरीवाल ने कहा कि हम दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं। हम एलजी साहब से निवेदन करना चाहते हैं कि संविधान ने जो काम आपको करने के लिए दिए हैं वो काम आप करें। संविधान ने जो काम हमको करने के लिए दिए हैं वो काम हम करें। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार से दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी मिलने जाएंगी।

इससे पहले सोमवार को साक्षी की हत्या पर अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा था, ‘दिल्ली में खुलेआम एक नाबालिग बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। ये बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधी बेख़ौफ़ हो गए हैं, पुलिस का कोई डर ही नहीं है। केजरीवाल ने आगे लिखा था कि LG साहब, क़ानून व्यवस्था आपकी ज़िम्मेदारी है, कुछ कीजिए। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।

आरोपी साहिल को बुलंदशहर से किया गया गिरफ्तार

सोमवार को दिल्ली के शाहबाद डेरी से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया था। यहां साहिल नाम के युवक ने 16 साल की साक्षी की बेरहमी से हत्या कर दी थी। आरोपी साहिल ने साक्षी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे। इसके बाद भी जब उसका मन नहीं भरा तो उसने कई बार पत्थर से वार किया था। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी साहिल को यूपी के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया था।