Pankaj Chaudhary First Reaction: उत्तर प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष कौन होगा? इस सवाल का जवाब लगभग साफ हो चुका है। क्योंकि यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी के अलावा किसी दूसरे नेता ने नामांकन नहीं किया है। हालांकि, अब इसको लेकर केवल औपचारिक ऐलान बाकी है। वहीं, नामांकन दाखिल करने के बाद केंद्रीय मंत्री और सात बार के सांसद पंकज चौधरी ने पहली प्रतिक्रिया दी।

यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद पंकज चौधरी ने फोटो शेयर करने के साथ एक्स पर लिखा, “आज लखनऊ में भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पद हेतु माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, माननीय उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी, माननीय उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक जी, माननीय जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह जी की उपस्थिति में नामांकन पत्र दाखिल किया।”

पंकज चौधरी ने आगे लिखा, “इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के माननीय राष्ट्रीय महासचिव श्री विनोद तावड़े जी, भाजपा उत्तर प्रदेश के मा. प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी जी, भाजपा उत्तर प्रदेश के मा. महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह जी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय जी, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी जी, उत्तर प्रदेश सरकार के मा. मंत्रीगण, मा. जनप्रतिनिधिगण एवं पार्टी पदाधिकारीगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।”

वहीं, न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए पंकज चौधरी ने कहा, “नामांकन दाखिल हुआ है, जांच चल रही है। कल जब घोषणा होगी तभी मैं कुछ कह पाऊंगा। कोई पद छोटा या बड़ा नहीं होता, जो दायित्व मिलता है उसे पार्टी के कार्यकर्ता के नाते हम पूरी निष्ठा से निभाते हैं।”

सीएम योगी ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, “आज ‘संगठन पर्व’ के अंतर्गत @BJP4UP के अध्यक्ष पद हेतु मा. केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी जी के नामांकन समारोह में उपस्थित रहा।”

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य क्या बोले?

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा, “भाजपा प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में संगठन पर्व के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पद हेतु मा. केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी जी के नामांकन समारोह में सम्मिलित हुआ।” केशव ने आगे लिखा कि इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री विनोद तावड़े जी, मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी, भाजपा उत्तर प्रदेश के मा. प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी जी, भाजपा उत्तर प्रदेश के मा. महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह जी, मा. उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक जी, मा. कैबिनेट मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह जी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय जी, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी जी, उत्तर प्रदेश सरकार के मा. मंत्रीगण, मा. जनप्रतिनिधिगण एवं सम्मानित पार्टी पदाधिकारीगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने क्या कहा?

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लिखा, “आज लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर संगठन पर्व के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के मा० अध्यक्ष पद हेतु मा० केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री श्री पंकज चौधरी जी के नामांकन उपरांत स्नेहिल भेंट करते हुए।” इस अवसर पर मा० प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा, उत्तर प्रदेश श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी जी, मा० उपमुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार श्री केशव प्रसाद मौर्य जी, मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उत्तर प्रदेश सरकार शी दयाशंकर सिंह जी, मा० पूर्व केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार श्री महेंद्र नाथ पांडेय जी, मा० प्रदेश उपाध्यक्ष, भाजपा, उत्तर प्रदेश एवं मा० सदस्य, विधान परिषद श्री संतोष सिंह जी उपस्थित रहे।

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह क्या बोले?

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव पर कहा, “एक नामांकन हुआ है, पंकज चौधरी ने अपना नामांकन दाखिल किया है। 3 बजे तक समय निर्धारित था, और सिर्फ एक नामांकन हुआ है। घोषणा कल की जाएगी, राज्य के लिए भाजपा की चुनाव प्रक्रिया आज खत्म हो गई है, और लोग भी उत्साहित हैं।”

दयाशंकर सिंह ने क्या कहा?

वहीं, मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा, “भाजपा में हर जाति, हर वर्ग के लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष बनने का सपना देख सकते हैं। एक ही नामांकन दाखिल हुआ है इसलिए वे(पंकज चौधरी) निर्विरोध निर्वाचित होंगे, कल इसकी घोषणा होगी। विपक्ष का कोई PDA नहीं है, समाजवादी पार्टी सिर्फ अपने परिवार के लिए राजनीति करती है इसलिए समाजवादी पार्टी का कोई कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री बनने तक का सपना नहीं देख सकता।”

यह भी पढ़ें- पंकज चौधरी ने यूपी भाजपा अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किया नामांकन, सीएम योगी बने प्रस्तावक

भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव पर कहा, “पंकज चौधरी सात बार लोकसभा में सांसद रहे हैं और केंद्रीय मंत्री भी रहें। आज योगी आदित्यनाथ, भूपेंद्र चौधरी और अन्य लोग उनके साथ नामांकन दाखिल करने गए। उसके बाद कोई और फॉर्म भरने नहीं गया। इससे पता चलता है कि उत्तर प्रदेश की जनता अखिलेश यादव को चुनौती दे रही है, और उनका झूठा नैरेटिव और उनके PDA का भ्रम 2027 में टूट जाएगा। बिहार में लालू यादव का जो हाल हुआ, वही हाल यहां अखिलेश यादव का होगा…”

साध्वी निरंजत ज्योति ने क्या कहा?

भाजपा नेता साध्वी निरंजन ज्योति ने प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव पर कहा, “भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व हमारे वरिष्ठ 7 बार के सांसद को जो जिम्मेदारी देने जा रहा है, उनके कार्यकाल में सब अच्छा होगा और प्रदेश अच्छा चलेगा।”

कांग्रेस ने क्या कहा?

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, “कोई भी मुखिया बदले जब तक अपने कार्यप्रणाली नहीं बदलेंगे, जैसे कफ सिरप मामला कितनी तेजी से चल रहा है लेकिन प्रदेश सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की, सिर्फ एक कमेटी बनाकर खानापूर्ति कर दी। इससे साबित करता है कि सरकार कोडिन कफ सिरप तस्करों के साथ खड़ी है, केंद्र सरकार द्वारा ED को भेजा गया। इससे प्रदेश और केंद्र में जो तकरार है वह सामने आ गई है… प्रदेश के मुखिया बदलने से कुछ नहीं होने वाला क्योंकि जनता इनके कार्य से संतुष्ट नहीं है…”।

यह भी पढ़ें- कौन हैं पकंज चौधरी जो बनाए जा सकते हैं यूपी बीजेपी अध्यक्ष?