दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय का कहना है कि देश में राजनीतिक माहौल कुछ ऐसा बन रहा है जो सरकार व सेना के मनोबल को तोड़ सकता है।  नई दिल्ली जिला भाजपा की कार्यकारिणी बैठक में उन्होंने कहा कि देश आज बहुत गंभीर परिस्थिति से गुजर रहा है। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद भारत को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। आज जहां देश का हर आम नागरिक राष्ट्रवाद के उत्साह में नजर आ रहा है वहीं राजनीतिक कुंठा से ग्रस्त कुछ विपक्षी दल आतंकवाद के तुष्टीकरण में लगे हैं। यह समझ से परे है कि आखिर ये दल देश के किस वर्ग को खुश करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में राष्ट्रवाद और तुष्टीकरण की राजनीति के बीच संघर्ष चल रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें देश में समरसता का माहौल बनाना है, आतंकवाद के विरुद्ध जनता को एक करना है और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के रास्ते पर चलते हुए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।  संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए संगठन के विस्तार व सुदृढ़ीकरण के लिहाज से आगामी दो महीने महत्त्वपूर्ण हैं। दिल्ली में आगामी दिसंबर में विधानसभा उपचुनाव और उसके कुछ समय बाद नगर निगम चुनाव होने की उम्मीद है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आम लोगों के बीच जाकर काम करने को कहा।