बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र के दनियावां में एक जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान जदयू अध्यक्ष की जुबान फिसल गई। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि बिहार की सभी 40 सीटों और देशभर में 400 से ज्यादा सीट जीतें। और नरेंद्र मोदी फिर से मुख्यमंत्री बनें। ताकि देश का विकास हो, बिहार का विकास हो। नीतीश ने कहा कि नरेंद्र मोदी तो प्रधानमंत्री हैं ही और आगे भी रहेंगे।
नीतीश कुमार ने इस दौरान आरजेडी पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन लोगों ने कोई काम नहीं किया। 2005 से पहले शाम को डर की वजह से कोई घर से निकलने की हिम्मत नहीं करता था। काफी झगड़े होते थे, स्वास्थ्य और शिक्षा बदहाल थी। सड़कों की हालत जर्जर थी। उन्होंने कहा कि जब मैं सांसद था, तब कुछ ही जगहों पर सड़कें थी। बाकी सब जगह पैदल जाना पड़ता था। सीएम ने कहा कि उन लोगों (आरजेडी) को मौका मिला, लेकिन कोई काम नहीं किया।
बिहार के मुख्यमंत्री ने लालू की पार्टी की हमलावर होते हुए कहा कि वे लोग आज हमारे खिलाफ हो गए हैं तो बोलते हैं कि हमने कोई काम नहीं किया, जबकि ये पूरी तरह झूठ है। सीएम नीतीश ने लालू का नाम लिए बिना कहा कि एक आदमी ने 9 बेटा-बेटी पैदा किए। अब बेटा-बेटी ही करते रहते हैं। जब हम उनके साथ आए तो देखा कि ये गड़बड़ करते हैं।
तेजस्वी यादव ने क्या कहा?
वहीं बिहार के रोहतास जिला के बिक्रमगंज इंटर स्तरीय कॉलेज मैदान में तेजस्वी यादव ने हुंकार भरी। अपनी सेहत का हवाला देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि धमकियों से बिहार नहीं डरता। डटकर मुकाबला करना हम बिहारी जानते हैं। काराकाट लोकसभा सीट से महागठबंधन के माले प्रत्याशी राजाराम सिंह के पक्ष में वोट मांगते हुए तेजस्वी यादव कहा कि यह बिहार के अस्मिता की लड़ाई है। प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के साथ हमेशा ही सौतेला व्यवहार किया है। बिहार के हित में जब-जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रीय जनता दल के साथ हुए हैं, तब तब भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें भ्रमित करने का काम किया है। रोजगार, स्वास्थ्य, सड़क, कृषि एवं हवाई अड्डे जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर बिहार को एनडीए की सरकार ने भेदभाव किया है।
तेजस्वी यादव ने स्वयं के कार्यकाल में बिहार के युवाओं के लिए विभिन्न विभागों में सृजित किए गए रोजगार, अस्पतालों की सुदृढ़ व्यवस्था और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए मूलभूत परिवर्तन का भी जिक्र किया। तेजस्वी यादव ने महागठबंधन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए काराकाट लोक सभा क्षेत्र में माले प्रत्याशी राजाराम सिंह कुशवाहा की जीत सुनिश्चित करने के लिए लोगों से अपील की।
वहीं वीआईपी पार्टी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने अपने संबोधन से युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि अगर बीजेपी की सरकार बनी तो इस बार संविधान और आरक्षण खत्म कर दिया जाएगा। इसके अलावा भी महागठबंधन के कई स्थानीय नेताओं सहित जिला और प्रदेश स्तर के नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए राजाराम सिंह कुशवाहा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।