राजद प्रमुख लालू यादव की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। रविवार को आरजेडी प्रमुख को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार को देखते हुए एम्स प्रशासन ने उनको प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट करने की संस्तुति दी थी।

लालू यादव को पिछले हफ्ते एम्स के कोरोनरी केयर यूनिट (CCU) में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद से उनकी सेहत में सुधार को देखते हुए रविवार को प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। लालू यादव की देखरेख कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत में पहले से काफी सुधार है।

लालू यादव पटना स्थित पत्नी राबड़ी देवी के आवास की सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गए थे। जिसके बाद उन्हें पटना के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन सुधार अधिक न होने के चलते उन्हें पटना से एयर एम्बुलेंस के जरिए दिल्ली लाया गया। वो 6 जुलाई से एम्स में भर्ती हैं। वहीं कुछ दिन पहले राजद प्रमुख की डायलिसिस भी गई थी। बता दें कि लालू प्रसाद यादव की किडनी केवल 20 प्रतिशत ही काम कर रही है। चिकित्सकों की राय पर ही उनकी डायलिसिस की जाती है।

बता दें शुक्रवार को एम्स लालू यादव की बेटी मीसा भारती ने सीसीयू में बैठे अपने पिता की फोटो शेयर की थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि लोगों की दुआओं और दिल्ली एम्स प्रशासन की चिकित्सकीय देखरेख के चलते उनके पिता की तबीयत में काफी सुधार है। साथ ही उन्होंने अफवाहों पर ध्यान ने देने की बात कही थी। वहीं राबड़ी देवी ने लालू की तबीयत पर कहा था कि ‘लालू प्रसाद को चाहने वाले लोग परेशान न हों, उनकी तबीयत पहले से अच्छी है, सभी लोग दुआ कीजिए।

वहीं शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एम्स पहुंचकर आरजेडी प्रमुख लाल यादव की सेहत का हाल जाना था।