झारखंड के निर्दलीय विधायक सरयू राय ने रविवार को दिल्ली के सीएम और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की है। पंजाब जीत के बाद इस मुलाकात को झारखंड की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। क्योंकि हाल ही में सरयू राय ने अन्य विधायकों के साथ मिलकर झारखंड में थर्ड फ्रंट बनाया है, इसमें पांच विधायक शामिल हैं।
दरअसल सीएम केजरीवाल और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पंजाब में रोड शो के लिए जा रहे थे, सरयू राय भी दिल्ली में एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे थे। दोनों नेता जब एयरपोर्ट पर थे, तभी उनकी मुलाकात हो गई। जहां सरयू राय ने केजरीवाल के साथ चाय पी और राज्य की राजनीति पर चर्चा हुई।
इस मुलाकात के बाद सरयू राय ने ट्वीट करके कहा- “दिल्ली हवाई अड्डा पर वहां के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से भेंट हो गई। वे रोड शो के लिये अमृतसर जा रहे थे। विभिन्न विषयों पर बात हुई, पुरानी स्मृतियां ताजा हुईं। अगली बार दिल्ली आने पर औपचारिक भेंट के लिये कहा।”
इस मुलाकात के बाद झारखंड की राजनीति में आप के जोर-शोर से उतरने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। दरअसल आप झारखंड में है तो पहले से लेकिन उसका फोकस उतना नहीं है, लेकिन राज्य में तीसरे मोर्चे का गठन कर चुके राय आप के साथ मिलकर राज्य में मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं।
सरयू राय के मोर्चे में ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) शामिल हैं। झारखंड विधानसभा में पांच मौजूदा विधायकों ने तीसरे मोर्चे को समर्थन दिया है। इनमें आजसू के दो विधायक सुदेश और लम्बोदर महतो, निर्दलीय विधायक अमित यादव और सरयू राय और राकांपा विधायक कमलेश सिंह शामिल हैं। अगर इस मोर्चे में आप आती है तो राज्य में राजनीतिक तस्वीर बदल सकती है।
सरयू राय दिल्ली में रोटरी डिस्ट्रिक्ट क्लब द्वारा आयोजित ‘पर्यावरण की रक्षा’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। इसके बारे में उन्होंने जानकारी देते हुए कहा- “आज नई दिल्ली में रोटरी डिस्ट्रिक्ट क्लब द्वारा आयोजित जोश, जज्बा, जुनून के परिचर्चा ‘पर्यावरण की रक्षा’ में प्रख्यात विचारक मा. गोविंदाचार्य जी, बॉक्सर विजेंद्र सिंह के साथ शामिल हुआ”।