पंजाब में आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद शुक्रवार को सीएम उम्मीदवार भगवंत मान दिल्ली पहुंचे। यहां वो दिल्ली के सीएम और आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल के घर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए केजरीवाल को निमंत्रण दिया। इस दौरान मान ने जब केजरीवाल के पैर छुए तो केजरीवाल भावुक हो उठे और मान को गले लगा लिया।
इस मुलाकात का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें भगवंत मान, केजरीवाल के पैर छूते दिख रहे हैं। साथ में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी है। पहले मान केजरीवाल के पैर छूते हैं, जिसके बाद केजरीवाल उन्हें गले लगा लेते हैं। दोनों कुछ देर ऐसे ही रहते हैं। इस दौरान दोनों भावुक दिखते हैं। अरविंद केजरीवाल के बाद मनीष सिसोदिया के भी भगवंत मान पैर छुते हैं, फिर गले लगते हैं।
इस मुलाकात के बाद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा- “मेरा छोटा भाई भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगा। आज वे शपथ ग्रहण का न्यौता देने मेरे घर आए। मुझे पूरा भरोसा है कि भगवंत एक मुख्यमंत्री के तौर पर पंजाब के लोगों की हर उम्मीद को पूरा करेंगे”।
बता दें कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने जबरदस्त जीत हासिल की है। आप की आंधी में कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी गठबंधन के कई बड़े नेता अपनी परंपरागत सीट तक हार गए हैं। सीएम चन्नी, नवजोत सिंह सिद्धू, प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर बादल, कैप्टन अमरिंदर सिंह जैसे दिग्गज अपनी सीट तक नहीं बचा सके।
भगवंत मान 16 मार्च को पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उससे पहले 13 मार्च को भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल के साथ अमृतसर में एक रोड शो करेंगे। मान पंजाब के धुरी सीट से 50 हजार से भी ज्यादा मतों के अंतर से चुनाव जीते हैं। जीत के बाद उन्होंने कहा कि उनका शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में नहीं होगा। बल्कि स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव नवांशहर जिले के खटकर कलां में वो शपथ लेंगे।