पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को उनके खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद बर्खास्त कर दिया। विजय सिंगला ठेके के लिए अधिकारियों से 1 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे थे। सिंगला के खिलाफ पुख्ता सबूत मिलने के बाद उनके खिलाफ ये एक्शन लिया गया है। सीएम मान के इस फैसले पर उनकी पीठ थपथपाते हुए आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनके एक्शन से मेरी आंखों में आंसू आ गए।

विजय सिंगला की गिरफ्तारी के बाद पंजाब सीएम ने ट्वीट किया, “आम आदमी पार्टी का जन्म ईमानदार सिस्टम कायम करने के लिए हुआ है। अरविंद केजरीवाल जी ने हमेशा कहा है कि भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेंगे चाहे कोई अपना हो या बेगाना। स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के सबूत मिलते ही तुरंत बर्खास्त किया। साथ ही FIR के आदेश दिए।” भगवंत मान के इस ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लिखा, “भगवंत जी आप पर गर्व है। आपकी कार्रवाई ने मेरी आंखों में आंसू ला दिए। आज पूरा देश आप पर गर्व महसूस कर रहा है।”

भ्रष्टाचार की शिकायत पर बर्खास्त: मुख्यमंत्री भगवंत मान के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को कैबिनेट से बर्खास्त करने के कुछ ही समय बाद एंटी करप्शन ब्यूरो भी एक्शन में आ गया। सीएम मान के निर्देश पर मामला दर्ज कर एसीबी ने सिंगला को गिरफ्तार कर लिया। विजय सिंगला पर अधिकारियों से ठेके पर एक फीसदी कमीशन की मांग करने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने की शिकायतें आ रही थीं।

इस बारे में जानकारी देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट किया, “मेरी जानकारी में एक मामला आया था कि मेरी सरकार का एक मंत्री हर टेंडर के लिए 1% कमीशन की मांग कर रहा था। मैंने इसे बहुत गंभीरता से लिया। किसी को इसके बारे में पता नहीं था, अगर मैं चाहता तो इस मामले को दबा सकता था। लेकिन जिन लोगों ने मुझ पर भरोसा किया उनका भरोसा टूट जाता।”

हमें भगवान से हिम्मत मिलती है: भगवंत मान के अपने ही मंत्री पर लिए गए एक्शन के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि विपक्ष को समझ नहीं आ रहा है कि क्या करें तो वो लोग कह रहे हैं कि सरकार बनने के दो महीने बाद ही इन्होंने भ्रष्टाचार शुरू कर दिया। लेकिन ये पहली सरकार है, जो अपने लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है। हम ना गद्दारी करेंगे और ना ही किसी को करने देंगे। ये जो हमने किया है, इसे करने के लिए बहुत हिम्मत चाहिए और ये हिम्मत हमें भगवान से मिलती है।