Harsh Mahajan joins BJP: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन बुधवार (28 सितंबर) को भाजपा में शामिल हो गए। इस दौरान महाजन ने कहा कि कांग्रेस दृष्टिहीन, दिशाहीन और नेतृत्वविहीन हो गयी है। हर्ष महाजन ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े की उपस्थिति में बीजेपी मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी रहे हर्ष महाजन ने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस नेतृत्व पर हमला करते हुए कहा कि यहां भी दिल्ली की तरह मां-बेटे का शासन है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के निधन के बाद कांग्रेस में कुछ भी नहीं बचा है। उन्होंने एक ‘मजबूत सरकार’ प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की।
कांग्रेस अब दिशा विहीन: हर्ष महाजन चार दशकों से अधिक समय से कांग्रेस के साथ थे। महाजन ने कहा, “मैं लगभग 45 साल से कांग्रेस में था और इस दौरान कोई चुनाव नहीं हारा। जब तक वीरभद्र सिंह थे, तब तक कांग्रेस थी और अब कांग्रेस दिशा विहीन हो गई है। जमीनी स्तर पर न तो कोई विजन है और न ही कार्यकर्ता। इसलिए उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया है। बीजेपी ज्वाइन करने के बाद हर्ष महाजन जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे और उनके साथ में पीयूष गोयल भी मौजूद रहे। जेपी नड्डा ने बीजेपी में इस दौरान हर्ष महाजन का स्वागत किया और भाजपा का पटका पहनाया।
वहीं, इस दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भाजपा इस साल के अंत में होने वाले चुनावों के बाद सत्ता बरकरार रखते हुए हिमाचल प्रदेश में इतिहास रचेगी। महाजन का स्वागत करते हुए गोयल ने कहा कि वह कांग्रेस में महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं और उनकी छवि साफ-सुथरी है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा की सरकार फिर से बनेगी।
तीन बार चंबा से रहे विधायक: हर्ष महाजन साल 1993 से 2007 तक तीन बार चंबा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे। 2007 के बाद से महाजन ने पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह के चुनावों का जिम्मा संभाला। साल 1993 में पहली बार विधायक बने महाजन तत्कालीन सरकार में मुख्य संसदीय सचिव रहे। वह 1986 से 1996 तक प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। उन्हें 1998 में प्रदेश कांग्रेस का चीफ व्हिप चुना गया। हर्ष महाजन 2003 में महाजन कैबिनेट मंत्री बनाए गए थे।