Himachal Pradesh Assembly election: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने शनिवार (22 अक्टूबर, 2022) को 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। सूची जारी होने के बाद जल्द ही सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, नवनिर्वाचित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संजय दत्त और आनंद शर्मा समेत 40 नेता हिमाचल में चुनावी सभाएं करते नजर आएंगे। राज्य से वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा, हिमाचल कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह, सीएलपी नेता मुकेश अग्निहोत्री और पूर्व राज्य पार्टी प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, आनंद शर्मा, मुकुल वासनिक, राजीव शुक्ला, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरीश रावत, प्रतिभा सिंह, मुकेश अग्निहोत्री, सुखविंदर सिंह सुक्खु, रणदीप सिंह सुरजेवाला, विप्लव ठाकुर, सचिन पायलट, राज बब्बर, दीपेंद्र हुड्डा, पवन खेड़ा, धनी राम शांडिल, प्रताप सिंह बाजवा, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सुप्रिया श्रीनेत, आशा कुमारी, संजय दत्त, तजिंद्र पाल सिंह बिट्टु, गुरकीरत सिंह कोहली, कौल सिंह ठाकुर, रामलाल ठाकुर, राजेंद्र राणा, विक्रमादित्य सिंह, चंद्र कुमार, श्रीनिवास बीवी, विनय कुमार, डीवीएस राणा, अमरिंदर सिंह बराड़, अलका लांबा, राजेश लीलोथिया और आचार्य प्रमोद कृष्णम सहित 40 नेताओं को स्टार प्रचारकों के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश के आगामी चुनावों के लिए 67 उम्मीदवारों की घोषणा की है, जबकि पार्टी ने अभी तक हमीरपुर सीट के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का शासन है। जिसमें कांग्रेस मुख्य विपक्ष में है। वहीं आम आदमी पार्टी ने इस बार हिमाचल में चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

बतातें चलें कि 68 सीटों वाली हिमाचल विधानसभा में भाजपा के 44, कांग्रेस के 21, CPIM का 1 और 2 निर्दलीय विधायक हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने यहां फतह हासिल की थी, लेकिन राज्य का सियासी इतिहास कुछ अलग ही है, जो यह बताता है कि पिछले कुछ सालों से सत्ता पक्ष फिर से सत्ता में वापसी करने में सफल नहीं हुआ है।

हिमाचल प्रदेश इस बार चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच दो-तरफा मुकाबला होने की संभावना है। वहीं कांग्रेस 2017 में अपनी हार के बाद सत्ता वापस पाने के लिए पूरी जोर आजमाइश में लगी है। राज्य में मतदान 12 नवंबर को होगा और मतों की गिनती 8 दिसंबर को होगी।