राशन माफिया अब राशन कार्ड धारकों के हिस्से के राशन का गबन नहीं कर सकेंगे। सरकार की ओर से इस भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए प्रदेश सरकार आधार कार्ड अनिवार्य करने जा रही है। राशन कार्ड में दर्ज सदस्य की बायोमेट्रिक पहचान के बाद ही डिपो से राशन मिलेगा। इसकी घोषणा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को पलवल जिले के होडल विधानसभा क्षेत्र के हसनपुर कस्बे में आयोजित गति प्रगति रैली को संबोधित करते हुए किया। हसनपुर अनाज मंडी में उमड़े जनसमूह से उत्साहित मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए 150 करोड़ रुपए से अधिक की घोषणाएं की।

खट्टर ने हरियाणा के निर्माण की स्वर्ण जयंती की सालगिरह के मौके पर बधाई देते हुए। गुड़गांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहली नवंबर को आयोजित होने वाली रैली में आने का न्यौता दिया। हरियाणा सरकार एक नवंबर, 2016 से 31 अक्टूबर 2017 तक स्वर्ण जयंती वर्ष मना रही है। सर्व हरियाणा, पर्व हरियाणा, गर्व हरियाणा के विचार पर बढ़ते हुए इस वर्ष में हरियाणा की ढाई करोड़ जनता की भागीदारी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तक रोजगार के अवसर पहुंचाने की दिशा में भाजपा सरकार कार्य कर रही है। हैपनिंग हरियाणा सम्मेलन के उपरांत सरकार ने 450 एमओयू किए हंै, जिनसे छह लाख करोड़ रुपए से अधिक निवेश की संभावना है।

उन्होंने बताया कि इस निवेश के धरातल पर आने से राज्य के दो लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। गति प्रगति रैली में हरियाणा की मुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा और बहराइच से सांसद साध्वी सावित्री बाई फूले भी उपस्थित थीं।