देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राजधानी दिल्ली के हालात भी कुछ ठीक नहीं हैं। हालांकि, जहां अनलॉक के दौरान ज्यादातर राज्यों ने पिछले 24 घंटे में केसों में बड़ा उछाल देखा, वहीं दिल्ली में पांच दिन बाद ऐसा मौका है जब 24 घंटे में 1 हजार से कम केस सामने आए हैं। दिल्ली में आज 990 मरीज संक्रमित मिले। इसी के साथ राज्य में अब 20,834 मरीज हो गए हैं। 50 नई मौतों के साथ राज्य में कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 523 हो गई है।

इस बीच हरियाणा में लॉकडाउन खुलने के बाद आज ही 265 नए केस आए हैं। राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2356 हो गई है। अकेले गुड़गांव में ही आज 129 मामले आए और जिले में संक्रमितों की संख्या 903 हो गई है। अब तक राज्य में 21 की जान गई है। कोरोना को रोकने के दबाव के चलते हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा है कि केंद्र के दिशा-निर्देशों के तहत राज्य की सीमाओं को फिलहाल खोल दिया गया है, लेकिन जरूरत पड़ी तो बॉर्डर पर फिर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। विज ने कहा कि सीमाओं पर हालात की रोजाना समीक्षा की जाएगी।

Lockdown 4.0 के बाद जारी हुईं UNLOCK 1.0 Guidelines, पढ़ें

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने कहा है कि राज्यों के भीतर और एक राज्य से दूसरे राज्य के बीच लोगों तथा सामान की आवाजाही पर कोई रोक नहीं रहेगी। हालांकि उसने राज्यों को यह अधिकार भी दिया है कि वे हालात की खुद समीक्षा कर उसी हिसाब से फैसले ले सकते हैं। बता दें कि हरियाणा पहले भी कोरोना के केस बढ़ने के लिए दिल्ली को जिम्मेदार ठहराकर सीमाएं बंद कर चुका है।

Coronavirus India LIVE Updates: देशभर में कोरोना से जुड़ी अपडेट के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2301 हो गई है, जिसमें 257 सक्रिय मामले, 2000 ठीक/डिस्चार्ज और 44 की जान गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने इस बात की जानकारी दी। वहीं लॉकडाउन-5 की घोषणा करते हुए मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार रात केंद्र सरकार द्वारा घोषित अनलॉक-1 के अनुरूप कुछ छूट देने की बात भी कही। सोमवार से राज्य में नई व्यवस्थाएं लागू होंगी, लेकिन इससे पहले रविवार को लॉकडाउन फेज-4 के 14वें और आखिरी दिन कड़ी सख्ती देखने को मिली।

Live Blog

22:29 (IST)01 Jun 2020
चंडीगढ़ः अब तक कुल 295 कोरोना से संक्रमित मिले, बापूधाम की गर्भवती महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव

चंडीगढ़ के सिविल अस्पताल में इलाज कराने पहुंची एक गर्भवती महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये महिला हॉटस्पॉप बापूधाम की रहने वाली है। इसलिए अस्पताल और इसके आसपास रहने वाले घरों में हड़कंप मंच गया है। क्योंकि महिला के संपर्क में आने वाले लोगों की चेन लंबी हो सकती है। इसके साथ ही चंडीगढ़ में संक्रमितों का आंकड़ा 295 पहुंच गया है। इनमें से 199 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं और तीन की मौत हो चुकी है। वहीं शहर में अब एक्टिव पॉजिटिव मरीजों की संख्या 92 तक पहुंच गई है।

21:56 (IST)01 Jun 2020
पंजाबः सरकार ने शराब पर किया सेस लगाने का ऐलान

लॉकडाउन के चलते कई राज्य सरकारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। इससे निपटने के लिए अब दिल्ली की ही तर्ज पर पंजाब सरकार शराब पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने जा रही है। राज्य के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को कहा कि आइटम के साइज के हिसाब से शराब पर 2 रुपए से लेकर 50 रुपए तक कोविड सेस चार्ज किया जाएगा। इससे जो भी टैक्स जुटेगा, उसे कोरोना से निपटने में खर्च किया जाएगा।

21:27 (IST)01 Jun 2020
दिल्ली सरकार ने मौत की जानकारी में देरी के लिए चार अस्पतालों से मांगा जवाब

दिल्ली सरकार ने कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या बताने में देरी पर कड़ा रुख अपनाया है। दिल्ली सरकार की तरफ से इस संबंध में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, लोकनायक अस्पताल, राम मनोहर लोहिया अस्पताल और सफदरजंग अस्पताल को कारण बताओ नोटिस भेजा है। इसके अलावा बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल, गुरु तेग बहादुर अस्पताल और राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को ज्ञापन जारी कर कोरोना से होने वाली मौत के मामलों की जानकारी में देरी के कारणों पर जवाब मांगा गया है।

देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस का संक्रमण कम होता नहीं दिख रहा है। रविवार को कोरोना वायरस के एक दिन में सबसे ज्यादा 1,295 नए मामले सामने आए। इसके बाद कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 19,844 हो गई। वहीं, मृतकों की संख्या भी 473 पहुंच गई है। इससे पहले 30 मई को एक दिन में सबसे अधिक 1,163 मामले रिकॉर्ड किए गए थे।

20:58 (IST)01 Jun 2020
हरियाणाः बॉर्डर खुले तो जाम लगना बंद हुआ

हरियाणा सरकार ने केंद्र की गाइडलाइन के तहत दिल्ली-पंजाब से लगी अपनी सीमाएं खोल दी हैं। इसके चलते सोमवार को कहीं भी जाम की खबर नहीं आई। बॉर्डरों पर पुलिसकर्मी भी खासी संख्या में तैनात हैं, लेकिन वाहन चालकों से ई-पास नहीं मांगे जा रहे हैं। सोमवार सुबह-सुबह जरुर पुलिस ने पूछताछ की लेकिन जैसे ही वाहनों की संख्या बढ़ी तो सभी वाहनों को जाने दिया जा रहा है। हालांकि पुलिस के पास इस संबंध में अभी तक कोई लिखित आदेश नहीं आया है लेकिन मौखिक तौर पर मैसेज मिला हुआ है। 

20:18 (IST)01 Jun 2020
पंजाबः कोरोना के 38 नए मामले आए, संक्रमितों की संख्या 2301 हुई

पंजाब में सोमवार को कोरोना के 38 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में अब कोरोना के कुल मामले 2301 हो गए हैं। इनमें 257 एक्टिव केस हैं। इसके अलावा दो हजार लोग रिकवर हो गए हैं। आज सबसे ज्यादा 9 मामले अमृतसर से आए हैं। वहीं, 8 नए मामले होशियारपुर से हैं।

19:37 (IST)01 Jun 2020
पंजाबः मोहाली में फिर बढ़े कोरोना पॉजिटिव मरीज, एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित

पंजाब के मोहाली में कोरोना एक्टिव मरीजों का आंकड़ा फिर बढ़ने लगा है। एक समय यहां एक्टिव मरीजों की संख्या शून्य हो गई थी। लेकिन जिले में फिर से कोरोना के मरीज बढ़ने लगे हैं। कल मोहाली के सेक्टर-77 में कोरोना पॉजिटिव पाए गए युवक के 50 वर्षीय पिता और 42 वर्षीय मां को भी कोरोना की पुष्टि हुई है। अब मोहाली में कोरोना संक्रमितों की संख्या 116 हो गई है। इनमें से 102 स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं, तीन की मौत हो चुकी है। इस वक्त मोहाली में कोरोना के 11 मरीज एक्टिव हैं।

19:11 (IST)01 Jun 2020
चंडीगढ़ः प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन में बढ़ाया लॉकडाउन

चंडीगढ़ प्रशासन ने केंद्र की गाइडलाइंस के मुताबिक ही लॉकडाउन को 30 जून तक बढ़ाने का फैसला किया है। इस दौरान केंद्र शासित प्रदेश आने-जाने वालों को किसी तरह के पास की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा प्राइवेट ऑफिसों को भी 75 फीसदी स्टाफ के साथ खुलने की छूट प्रदान की गई है।

18:43 (IST)01 Jun 2020
हरियाणाः सबसे ज्यादा गुड़गांव में आज 66 केस, सिरसा में 26 मामले

सोमवार को गुड़गांव में 66, सिरसा में 26, रोहतक में 14, सोनीपत में 13, हिसार में 13, पलवल में 11, फरीदाबाद में 11, चरखी दादरी 8, पानीपत में 7, भिवानी में 5, नूंह में 2, फतेहाबाद में 2, जींद में 2 और पंचकूला में 1 मरीज मिला। हरियाणा में इस समय 1201 एक्टिव मरीज हैं। अब प्रदेश में महज 9 दिन में मरीजों की संख्या दोगुनी हो रही है। 

18:09 (IST)01 Jun 2020
हरियाणाः लॉकडाउन खुलते ही राज्य में आज 181 नए मरीज, 14 जिलों से मिले मरीज

हरियाणा में लॉकडाउन के खत्म होते ही कोरोना मरीजों की संख्या में बड़ा उछाल आया है। राज्य में अनलॉक-1 के पहले दिन 181 नए मरीज सामने आए हैं। राज्य में 14 जिलों से मरीज मिले हैं। अब हरियाणा में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 2272 पहुंच गया है। वहीं ठीक होने वालों की बात करें तो महज 3 मरीज पलवल से डिस्चार्ज किए गए हैं। अब कुल ठीक हुए मरीजों की संख्या 1051 पहुंच गई है।

17:18 (IST)01 Jun 2020
पंजाबः एक राज्य से दूसरे राज्य जाने वालों के लिए ई-पास जरूरी

पंजाब सरकार ने केंद्र के निर्देशों की तर्ज पर लोगों को एक-राज्य से दूसरे राज्य जाने की छूट दे दी है। हालांकि, इसके लिए लोगों को ई-पास लेना जरूरी होगा। इसे वे कोवा ऐप से जनरेट कर सकते हैं। ट्रेन, बस और फ्लाइट्स के जरिए लोग आ जा सकेंगे। लेकिन उन्हें केंद्र की जारी हिदायतों का पालन करना होगा। उल्लंघन पर कार्रवाई होगी। अब रात 9 से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा।

16:48 (IST)01 Jun 2020
हरियाणाः राज्य की दिल्ली-पंजाब से लगी सभी सीमाएं खुलीं

दिल्ली-पंजाब समेत सभी सीमाएं आज से खुल गईं। इसके बाद लोगों का एक से दूसरे जिले तक आना-जाना शुरू हो गया है। राज्य सरकार ने निर्देश दिए हैं कि जिलों के डीसी सीआरपीसी की धारा-144 के अंतर्गत व्यक्तिगत आवाजाही पर सिर्फ रात 9 से सुबह 5 बजे तक आवश्यक सेवाओं को छोड़कर प्रतिबंध लगा सकते हैं।

15:20 (IST)01 Jun 2020
पंजाब: कंटेनमेंट ज़ोन में लॉकडाउन जारी रहेगा

गाइडलाइंस के मुताबिक कोरोना कंटेनमेंट ज़ोन में लॉकडाउन जारी रहेगा और रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। इसके अलावा मॉल, धार्मिक स्‍थल, ​होटल और रेस्टोरेंट खोलने के लिए एसओपी जारी किए जाएंगे।

15:00 (IST)01 Jun 2020
दुकान, सैलून और ब्यूटी पार्लरों को खोलने की अनुमति

पंजाब सरकार ने अनलॉक 1 के लिए गाइडलाइंस जारी की हैं। गाइडलाइंस के मुताबिक सामाजिक दूरी और मास्क पहनना अनिवार्य है। वहीं नाई की दुकान, सैलून और ब्यूटी पार्लरों को स्वास्थ्य विभाग के एसओपी के तहत कार्य करने की अनुमति है।

13:55 (IST)01 Jun 2020
9बजे से लेकर शाम 7 बजे तक हर दिन खोला जाएगा मार्केट

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने एएनआई से कहा कि मार्केट सुबह 9बजे से लेकर शाम 7 बजे तक हर दिन खोला जाएगा और जो उनका वीकली ऑफ होता है वो वीकली ऑफ होगा।

13:21 (IST)01 Jun 2020
सीमाओं पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि जिस प्रकार से केंद्र सरकार ने यह तय किया है कि अंतर-राज्यीय और अंतर-जिला यात्रा पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा, उसी का समर्थन करते हुए हरियाणा ने भी यही फैसला लिया है कि सीमाओं पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा।

12:39 (IST)01 Jun 2020
अनलॉक के लिए सीएम ने लोगों से सुझाव मांगे

दिल्ली सीएम ने अनलॉक के लिए लोगों से सुझाव मांगे हैं। केजरीवाल ने कहा 'अनलॉक के लिए मुझे आपके सुझावों की जरूरत है। आप अपने सुझाव शुक्रवार 5 बजे तक व्हाट्स एप नंबर-8800007722 या ई मेल-delhicm.suggestions@gmail.com पर भेज सकते हैं। अगर आपके पास व्हाट्स एप नहीं है तो आप 1031 पर फोन करें, आपके सुझाव रिकॉर्ड कर लिए जाएंगे।'

12:25 (IST)01 Jun 2020
अब सभी दुकानें खुलेंगी

दिल्ली के सीएम ने कहा "हम बाजारों में दुकानें खोलने के लिए ऑड-ईवन नियम का पालन कर रहे थे लेकिन केंद्र सरकार ने ऐसा कोई नियम नहीं बताया है इसलिए अब से सभी दुकानें खुल सकती हैं।

12:11 (IST)01 Jun 2020
अरविंद केजरीवाल ने यह कहा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा "अभी तक दिल्ली में जितनी सेवाएं शुरू हो गई थीं उसके अलावा बार्बर, सलून की दुकानें खुलेंगी जबकि स्पा अभी नहीं खोला जाएगा। ऑटो-रिक्शा में एक सवारी पर से प्रतिबंध हटाया जा रहा है। पहले दुपहिया और चार पहिया गाड़ियों पर जो सवारियों पर प्रतिबंध था वो भी हटाया जा रहा है।

11:42 (IST)01 Jun 2020
हरियाणा में एडहॉक पर 300 डॉक्टर भर्ती किए जा सकते हैं


हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल 26787 क्‍वारंटाइन बेड हैं। हरियाणा में 8929 आइसोलेशन बेड, 2086 आईसीयू बेड, 1025 वेंटीलेटर, एक लाख से ज्यादा पीपीई किट और तीन लाख से ज्यादा एन-95 मास्क हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एडहॉक पर 300 डॉक्टर भर्ती किए जा सकते हैं। सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेज में चौथे और पांचवें साल के डॉक्टर की भी जरूरत पड़ने पर सेवाएं ली जा सकती हैं।

11:16 (IST)01 Jun 2020
नए मामले इन इलाकों से आए हैं

हरियाणा में रविवार को जो नए मामले सामने आए हैं उनमें फरीदाबाद में 28, भिवानी में 20, हिसार में नौ, अंबाला और कुरुक्षेत्र में चार-चार, नारनौल और करनाल में दो-दो और पानीपत और पलवल में एक-एक मामला शामिल हैं। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को कहा था कि अगर दिल्ली से असर नहीं पड़ा होता तो राज्य कोरोना वायरस के मोर्चे पर बहुत बेहतर होता। उन्होंने कहा कि ‘‘70 से 80 प्रतिशत मामले (हरियाणा में)राष्ट्रीय राजधानी से सटे जिलों में हैं ”। इस बीच राज्य में 1,023 मरीजों का उपचार चल रहा है, जबकि 1,048 मरीज ठीक हो चुके हैं। रविवार को राज्य में ठीक होने वालों की दर 50.12 प्रतिशत थी। राज्य में 20 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है।

10:24 (IST)01 Jun 2020
24 घंटों में 8,392 नए कोरोना मामले सामने आए हैं और 230 मौतें

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटों में 8,392 नए कोरोना मामले सामने आए हैं और 230 मौतें हुईं। देश में अब कुल मामलों की संख्या 1,90,535 हो गई है, जिसमें 93322 सक्रिय मामले, 91819 ठीक / डिस्चार्ज / माइग्रेट और 5394 मौतें शामिल है।

09:55 (IST)01 Jun 2020
हरियाणा में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 2,091 पर पहुंचे

हरियाणा में कोरोना वायरस संक्रमण के 168 नए मामले सामने आए हैं जिनमें से 97 मामले अकेले गुरुग्राम से हैं। राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 2,091 हो गए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के दैनिक बुलेटिन में कहा गया है कि एक दिन पहले गुरुग्राम में एक दिन में सर्वाधिक 157 नए मामले सामने आए थे और अब 97मामले सामने आने से दिल्ली से सटे इस जिले में संक्रमण के मामले 774 पर पहुंच गए हैं। पिछले एक महीने में हरियाणा में कोरोना वायरस के मामलों में छह गुना वृद्धि हुई है। यहां 30 अप्रैल को संक्रमण के 339 मामले थे जो 31 मई को बढ़कर 2,091 पर पहुंच गए।

09:04 (IST)01 Jun 2020
200 यात्री ट्रेन सेवाओं का संचालन शुरू करेगा भारतीय रेलवे

हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली जंक्शन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए प्रवेश और निकास योजना भारतीय रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी द्वारा अधिसूचित की गई है। भारतीय रेलवे कल से 200 यात्री ट्रेन सेवाओं का संचालन शुरू करेगा।

08:49 (IST)01 Jun 2020
पंजाब में संक्रमितों की संख्या 2382 हो गई है

पंजाब में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2382 हो गई है, जिसमें 222 सक्रिय मामले, 1967 ठीक/डिस्चार्ज और 50 मौतें शामिल हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने इस बात की जानकारी दी। वहीं लॉकडाउन-5 की घोषणा करते हुए मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार रात केंद्र सरकार द्वारा घोषित अनलॉक-1 के अनुरूप कुछ छूट देने की बात भी कही। सोमवार से राज्य में नई व्यवस्थाएं लागू होंगी, लेकिन इससे पहले रविवार को लॉकडाउन फेज-4 के 14वें और आखिरी दिन कड़ी सख्ती देखने को मिली।

08:05 (IST)01 Jun 2020
नोएडा-दिल्ली बॉर्डर को सील रखने का फैसला

जिला स्वास्थ्य विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले 20 दिनों में कोरोना वायरस मामलों के 42% मामलों में संक्रमण का स्रोत दिल्ली से ट्रैक किए गए हैं इसी को देखते हुए गौतमबुद्धनगर नगर जिला प्रशासन ने कल नोएडा-दिल्ली बॉर्डर को सील रखने को कहा था।

06:32 (IST)01 Jun 2020
श्रमिक विशेष ट्रेन में प्रवासी कामगार की मौत, सह यात्रियों ने शव के साथ की बंगाल तक यात्रा

राजस्थान से पश्चिम बंगाल जा रही एक श्रमिक विशेष ट्रेन में सवार 50 वर्षीय एक प्रवासी कामगार की बीच रास्ते में ही मौत हो गई, जिससे अन्य यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि, उन्होंने शव के साथ आठ घंटे से अधिक समय तक यात्रा की। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। मालदा जिले में हरिश्चंद्रपुर का रहने वाला बुद्ध परिहार राजस्थान के बीकानेर में एक होटल में काम करता था। उसका करीबी रिश्तेदार सरजू दास भी उसी होटल में काम करता था।

06:11 (IST)01 Jun 2020
उत्तर भारत में बारिश दिला सकती है लू से राहत

दिल्ली सहित उत्तर भारत के अनेक राज्यों में रविवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई जिससे क्षेत्र में लू से एक सप्ताह राहत मिलने के आसार हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अरब सागर के ऊपर बना कम दबाव क्षेत्र चक्रवाती तूफान में तब्दील होकर ऊपरी पश्चिमी तट की ओर बढ़ सकता है।

05:19 (IST)01 Jun 2020
कोविड-19: देश में एक दिन में 8,380 मामले,

देश में रविवार को पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे अधिक 8,380 नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,82,143 हो गए हैं जबकि मृतक संख्या बढ़कर 5,164 हो गई है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार भारत कोरोना वायरस संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित देशों की सूची में सातवें स्थान पर आ गया है।

05:02 (IST)01 Jun 2020
अंतरराज्यीय यात्रा महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर राज्यों में अंतराज्यीय यात्रा पर प्रतिबंध जारी

केन्द्र द्वारा लोगों के बीच अंतरराज्यीय आवाजाही पर लगी पाबंदियों को हटाये जाने की अनुमति दिये जाने के बाद महाराष्ट्र तथा तमिलनाडु जैसे राज्यों और पूर्वोत्तर में शामिल कुछ राज्यों ने लॉकडाउन के चौथे चरण की समाप्ति के बाद अंतरराज्यीय यात्रा पर प्रतिबंध जारी रखने का रविवार को फैसला किया। महाराष्ट्र और तमिलनाडु में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या सबसे अधिक है। राजस्थान और तेलंगाना जैसे राज्यों ने घोषणा की कि वे ‘अनलॉक-1’ के तहत ढील दिये जाने के रूप में अंतरराज्यीय आवाजाही की अनुमति देंगे।

03:29 (IST)01 Jun 2020
दिल्ली सरकार ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा से लोगों को आवाजाही की अनुमति देने का समर्थन किया

देश में चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन खत्म किए जाने की प्रक्रिया शुरू होने के बीच दिल्ली सरकार लोगों को नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव और उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा के अन्य शहरों से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आने की अनुमति देने के पक्ष में है।एक अधिकारी ने रविवार को कहा कि दिल्ली सरकार ने इन शहरों से लोगों की आवाजाही का विरोध नहीं किया है और उत्तरप्रदेश तथा हरियाणा के अधिकारियों ने कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी के साथ लगती सीमाओं पर प्रतिबंध कड़े कर दिए थे।

23:20 (IST)31 May 2020
केंद्रीय दिशानिर्देशों का पालन करेगा हरियाणा

हरियाणा का कहना है कि राज्य लॉकडाउन के संबंध में केंद्रीय दिशानिर्देशों का पालन करेगा। इतना ही नहीं राज्य सरकार की तरफ से हरियाणा में लोगों और समान की अंतरराज्यीय आवाजाही पर पाबंदी नहीं लगाएगा। यह जानकारी रविवार को राज्य सरकार के एक अधिकारी ने दी।

23:01 (IST)31 May 2020
Lockdown: महाराष्ट्र सरकार ने दुकानों को सम विषम आधार पर खोलने की अनुमति दी

महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लागू पाबंदियों में ‘मिशन बिगिन अगेन’ के तहत चरणबद्ध तरीके से ढील देने की रविवार को घोषणा की। राज्य में पांच जून से गैर निरुद्ध क्षेत्रों में सभी बाजार, बाजार क्षेत्रों और दुकानों को सम-विषम आधार पर खोलने की अनुमति है।

22:34 (IST)31 May 2020
हरियाणा की दिल्ली से सटी सीमा पर सख्ती जारी

हरियाणा की दिल्ली से सटी सीमा पर सख्ती जारी है। दिल्‍ली-गुरुग्राम और दिल्‍ली-फरीदाबाद बार्डर पूरी तरह सील है। यहां से वाहनों व लोगों को बिना ई-पास के नहीं जाने दिया जा रहा है। इसी प्रकार की सख्‍ती सोनीपत-दिल्‍ली बार्डर और झज्‍जर-दिल्‍ली बार्डर पर की जा रही है। सोनीपत के कुंडली बार्डर और बहादुरगढ़ के टिकड़ी बार्डर हरियाणा पुलिस वाहनों और लोगों की जांच कर रही है।

22:04 (IST)31 May 2020
हरियाणा के मंत्री ने दिल्ली से सटी सीमाओं पर सख्ती को उचित ठहराया

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने दिल्ली से सटी सीमाओं पर सख्ती को उचित ठहराते हुए कहा कि अगर ऐसे निर्णय नहीं लिए जाते तो हरियाणा में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले और अधिक बढ़ सकते थे। उन्होंने कहा, '' मैंने कहा था कि केंद्र जो भी कहेगा, हम उसका पालन करेंगे। केंद्र ने कहा है कि इन सीमाओं को खोला जा सकता है लेकिन इसके साथ ही उन्होंने हालात का आकलन करके इस पर फैसला लेने का विकल्प राज्य सरकार को दिया है। इसलिए शाम को मुख्यमंत्री के साथ एक अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें फैसला लिए जाने की उम्मीद है।''

21:33 (IST)31 May 2020
दिल्ली में 5 जून तक कोरोना मरीजों के लिए 9500 बेड होंगे तैयार

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पिछले 15 दिनों में राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना के 8500 नए मामले सामने आए हैं। सीएम ने बताया कि माहमारी से निपटने के लिए उनकी सरकार 5 जून तक कोरोना मरीजों के लिए 9500 बेड तैयार करेगी। केजरीवाल ने कहा कि 9142 एक्टिव मरीजों में से 2100 ही अस्पताल में भर्ती हैं। बाकी मरीज होम आइसोलेशन में रहकर ही अपना इलाज करा रहे हैं।

21:03 (IST)31 May 2020
दिल्ली में पिछले चार दिन से रोजाना 1000 से अधिक मामले

दिल्ली में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है और रोजाना कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में रिकॉर्ड इजाफा होता जा रहा है। दिल्ली में पिछले चार दिन से 1000 से अधिक कोरोना संक्रमित लोग सामने आ रहे हैं। शनिवार को भी दिल्ली में कोरोना के 1163 नए मामले सामने आए हैं। जो कि एक दिन में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली में 1106 नए मामले सामने आए थे। इसके साथ ही शनिवार को दिल्ली में 18 लोगों की मौत भी हुई है। दिल्ली में अब कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 18,549 हो गई है। इनमें से 10,058 एक्टिव केस हैं और 8,075 ठीक हो चुके हैं। दिल्ली में कोरोना से कुल 416 लोगों की जान जा चुकी है।

20:35 (IST)31 May 2020
क्या आपको विज्ञापनों पर खर्च करने के लिए केंद्रीय धनराशि की आवश्यकता हैः तिवारी

भाजपा की दिल्ली प्रदेश इकाई ने कोरोना वायरस संकट के दौरान विज्ञापनों पर पैसा खर्च करने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की रविवार को निंदा की। पार्टी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से पूछा कि क्या वह अपने प्रचार खर्चों को पूरा करने के लिए केंद्र से 5,000 करोड़ रुपये की मांग कर रहे है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली सरकार के कर्मचारियों के वेतन भुगतान और कार्यालय के खर्चों को पूरा करने के लिए पांच हजार करोड़ रुपये की तत्काल सहायता मांगी है।

19:58 (IST)31 May 2020
दिल्ली में कोरोना वायरस के 1,295 नए मरीज, कुल मामले 19 हजार के पार

दिल्ली में रविवार को कोरोना वायरस के एक दिन में सबसे ज्यादा 1,295 नए मामले सामने आए। इसके बाद जानलेवा विषाणु का शिकार लोगों की संख्या बढ़कर 19,844 हो गई। वहीं, मृतकों की संख्या भी 473 पहुंच गई। इससे पहले 30 मई को एक दिन में सबसे अधिक 1,163 मामले रिकॉर्ड किए गए थे। दिल्ली में यह पहली बार है, जब कोविड-19 के 1200 या इससे ज्यादा मामले रिपोर्ट हुए हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में बताया कि कोरोना वायरस की वजह से मरने वालों की संख्या बढ़कर 473 हो गई है और कुल मामले बढ़कर 19,844 हो गए। दिल्ली में शनिवार को कोविड-19 के मामले 18,549 थे और मृतकों की संख्या 416 थी।

19:26 (IST)31 May 2020
कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए दिल्ली के निषिद्ध क्षेत्रों में सख्ती बरती जाए : उपराज्यपाल

दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने रविवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के प्रसार पर काबू के लिए निषिद्ध क्षेत्रों में सख्त उपाय जारी रखे जाएं। बैजल ने राजधानी में चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ाने के लिए उठाये जा रहे कदमों की समीक्षा के लिए दिल्ली के मुख्य सचिव विजय देव और अन्य शीर्ष अधिकारियों तथा निगम आयुक्तों के साथ बैठक की।

18:54 (IST)31 May 2020
दिल्ली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कोविड-19 के कारण अपने दो एएसआई खोए

दिल्ली में शनिवार शाम से लेकर अब तक पुलिस के दो सहायक उप-निरीक्षकों की कोविड-19 के कारण मौत हो गयी। अब तक शहर में तीन पुलिस अधिकारी संक्रमण के कारण जान गंवा चुके हैं। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि 52 वर्षीय एक एएसआई की रविवार सुबह 11.30 बजे यहां सेना के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी, वहीं इसी स्तर के एक अन्य अधिकारी की शनिवार शाम को इसी अस्पताल में मौत हो गयी थी। अधिकारियों के मुताबिक जिन एएसआई की रविवार सुबह मृत्यु हुई, वह बाहरी जिले के सुल्तानपुरी थाने में पदस्थ थे और एक मई से इलाके में गश्त की ड्यूटी पर थे।