‘आज तक’ के एक कार्यक्रम के दौरान एंकर चित्रा त्रिपाठी ने यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से सवाल किया कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर आपकी सरकार की ओर से बड़े दावे किये जाते हैं लेकिन फिर भी हाथरस, उन्नाव जैसी घटनाएं घटती हैं। ऐसा क्यों? महिलाओं की सुरक्षा के मामले में क्या यूपी सरकार नाकाम रही है? इस पर जवाब देते हुए स्वतंत्र देव सिंह कहने लगे कि यूपी में योगी राज में लड़कियां रात के 12 बजे भी घर से बाहर निकल सकती हैं। किसी की हैसियत नहीं है कि लड़कियों को छेड़ दे और अगर छेड़ देता है तो फिर उसकी खैर नहीं है। यह कोई समाजवादी पार्टी या बहुजन समाज पार्टी की सरकार नहीं है कि लड़कियों के साथ कुछ भी हो जाए।
बता दें कि अगले साल होने वाले यूपी चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ बीजेपी काफी सक्रिय हो गयी है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को लखनऊ पहुंचेंगे। नड्डा शनिवार को राजधानी लखनऊ और रविवार को आगरा में पार्टी द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों व संगठन संबंधी बैठकों में शामिल होंगे। प्रदेश भाजपा द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, नड्डा पार्टी के नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
वहीं पर नड्डा पार्टी के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों की बैठक को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी की संगठनात्मक बैठकों में उपस्थित पदाधिकारियों व अन्य प्रमुख नेताओं को संबोधित करेंगे।
योगी सरकार में कोई भी लड़की रात को 12 बजे घर से निकल सकती है, किसी की हैसियत नहीं कि उसे छेड़ दे. अगर भूले भटके छेड़ दिया तो वह बच नहीं सकता: @swatantrabjp
लाइव सेशन @chitraaum के साथ: https://t.co/MhOxDKClQd | https://t.co/gBmjIAr7ph#PanchayatAajTakUP pic.twitter.com/DoSQ1NZB0c— AajTak (@aajtak) August 6, 2021
वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी से उत्तर प्रदेश की जनता कि नाराजगी देखकर लगता है कि उनकी पार्टी राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में 400 सीटें हासिल करेगी।
सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी साइकिल यात्रा शुरू करने से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया, ‘‘सरकार हर मुद्दे पर नाकाम है। अभी तक हम 350 बोलते थे लेकिन जिस तरह की नाराजगी जनता के बीच है, हो सकता है हम 400 सीटें जीत जाएं। आज तो स्थिति ऐसी है कि भाजपा के पास प्रत्याशी कम पड़ जाएंगे। प्रत्याशी टिकट ही नहीं मांगेंगे।’’
यादव के 400 सीटें जीतने के दावे पर योगी आदित्यनाथ सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा, ‘‘400 का सपना देख रहे सपा नेता के सामने चुनाव में 40 सीटें बचाने की बड़ी चुनौती है।”