सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के संभल का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें एक भाजपा नेता एक दिव्यांह के मुंह में डंडा घुसेड़ने की कोशिश करते दिख रहे हैं। जानकारी के मुताबिक दिव्यांग ने भाजपा के खिलाफ कुछ कहा और इसके साथ ही अखिलेश यादव को वोट देने की बात करने लगा। जिसके बाद भाजपा नेता का गुस्सा फूट गया और दिव्यांग को परेशान करने लगा। इस वायरल वीडियो पर अब भाजपा नेता ने सफाई दी है और कहा है कि वो दिव्यांग नशे में धुत था और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश मुखिया योगी आदित्यनाथ को गालियां दे रहा था। मैंने बस उसे समझाने की कोशिशि की थी। वहीं भाजपा नेता के खिलाफ भी FIR दर्ज हो चुकी है।

कहां का है मामला: दरअसल पूरा मामला प्रदेश के संभल सदर के एसडीएम ऑफिस के सामने का है। जहां अमरोहा के भाजपा नेता मोहम्मद मियां सड़क पर एक दिव्यांग के साथ बुरा बर्ताव करते दिख रहे हैं। वो पहले तो दिव्यांग को डंडा दिखाकर डराते हैं उसके बाद डंडे को दिव्यांग के मुंह में घुसेड़ने की कोशिश करते हैं। ये कोशिश वो कई बार करते हैं। वहीं दूर जाते हुए दिव्यांग कह रहा है कि वोट दूंगा अखिलेश को।

क्या बोले भाजपा नेता मोहम्मद मियां: भाजपा नेता मोहम्मद मियां ने इस दिव्यांग को परेशान करते दिख रहे वायरल वीडियो पर सफाई देते हुए कहा कि वो दिव्यांग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश मुखिया योगी आदित्यनाथ को गालियां दे रहा था। मैंने पहले तो उसे समझाने की कोशिश की लेकिन वो नशे में धुत था। वो भाजपा के खिलाफ भी जहर उगल रहा था। मैंने कोशिश की कि वो उस जगह से चला जाए। लेकिन मैंने उसके मुंह में डंडा नहीं डाला।

 

दर्ज हुई FIR: इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि दिव्यांग नशे में था और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गाली दे रहा था। आपको बता दें कि इस मामले में भाजपा नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है और जान से मारने की कोशिश का मामला दर्ज हुआ है।