अयोध्या में राम की पैड़ी पर 23 अक्टूबर को एक अलग ही नजारा देखने को मिला। जैसे ही पीएम मोदी और सीएम योगी सरयू से निकले, लोगों को हुजूम वहां पहुंच गया। लोगों के बीच होड़ लगी थी कि बुझे हुए दीयों से कौन कितना तेल बटोर लेता है। बच्चा हो या जवान या फिर बुजुर्ग। सभी फ्री का तेल लूटने में रगे थे। उधर अयोध्या की दिवाली ने ट्विटर पर धमाल मचा दिया। हैशटैग AyodhyaDeepotsav सोशल मीडिया पर लगातार ट्रेंड करता रहा। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक 230 करोड़ लोगों तक ये पहुंचा।

सरयू की पैड़ी पर 37 घाट बनाए गए थे। 15 लाख से ज्यादा दीयों में 60 हजार लीटर तेल डाला गया था। लोगों का कहना था कि दिवाली पर महंगाई मार रही है। ऐसे में 200 रुपये लीटर का तेल मुफ्त में मिल रहा है। चलो इससे ही अपनी दिवाली मनाते हैं।

दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते दिन अयोध्या पहुंचे। उनके अयोध्या पहुंचने पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने दीपोत्सव में भाग लेने के बाद नया घाट पहुंचकर सरयू आरती की। उन्होंने रामलला का दर्शन करने के बाद अयोध्या लौटे भगवान राम का प्रतीकात्मक रूप से राज्याभिषेक किया।

इस दौरान अयोध्या में सरयू नदी के तट पर 15 लाख से अधिक दीये जलाए गए। अयोध्या में कुल 17 लाख से अधिक दीये जलाए गए। 15 लाख 76 हजार सरयू नदी के तट पर ही जलाए गए थे। अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान रिकॉर्ड दीपक जलाए जाने का नया रिकॉर्ड बना वहीं अब लेजर शो ने भी लोगों को अभिभूत किया।

लेजर शो में प्रधानमंत्री के साथ योगी भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या के कण-कण में भगवान राम का दर्शन समाहित है। अयोध्या की रामलीला और सरयू आरती सारे विश्व में डंका बजदा रही है। पीएम ने देशवासियों को दिवाली की बधाई दी और कहा कि ये दिवाली ऐसे समय पर आई है जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। आजादी के अमृत काल में भगवान राम जैसी संकल्प शक्ति देश को नई ऊंचाई पर ले जाएगी।