Bihar Politics: बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद आरजेडी और बीजेपी में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी बीच पटना में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कार्यालय के बाहर सोमवार (3 अक्टूबर, 2022) को एक पोस्टर लगाया गया है। जिसके बाद बिहार की सियासत तेज हो गई है।
पोस्टर में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को सृष्टि निर्माता भगवान ब्रह्मा के रूप में दर्शाया गया है। वहीं उनके पुत्र और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भगवान कृष्ण के रूप में सीएम नीतीश कुमार के सारथी बने दिख रहे हैं। नीतीश अर्जुन की भूमिका में रथ पर सवार हैं। साथ ही कई भगवानों के रूप में सारे विपक्षी पार्टियों के नेताओं को दिखाया गया है।
राजद के इस पोस्टर में बिहार और देशवासियों को दीपावली, छठ और नए साल की शुभकामनाएं दी गई हैं। साथ ही लिखा है ‘आ अब 2024 में सीधे हस्तिनापुर (नई दिल्ली ) पर चढ़ाई बा।’ इस पोस्टर के नीचे में एक तस्वीर बनी है। जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हाथ में तीर धनुष लिए रथ पर बैठे हुए दिखाया गया है, जबकि उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव रथ को चलाते नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में लालटेन है।
पोस्टर में एक स्लोगन भी लिखा हुआ है कि साल 2024 का जो मिशन है, उस पर आगे बढ़ो पार्थ। साथ ही इस पोस्टर में पीएम मोदी की भी तस्वीर लगी है और उसके नीचे लिखा हुआ है कि किसी की नहीं सुनने वाला सिर्फ अपने मन की बात करने वाला अहंकार का प्रतीक। वहीं गृह मंत्री अमित शाह की भी तस्वीर के नीचे लिखा है, इंसान को इंसान से लड़ाने वाला अधर्म का प्रतीक।
भाजपा ने आरजेडी के पोस्टर पर निशाना साधा
आरजेडी कार्यकर्ता के द्वारा लगाए गए इस पोस्टर के बात बिहार में सियासी तापमान बढ़ गया है। राजद के इस पोस्टर पर भारतीय जनता पार्टी ने आपत्ति जताई है। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने रामधारी सिंह दिनकर की कविता की पंक्तियों जरिए कहा है कि जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।
बीजेपी ने कहा- स्वार्थी दल एड़ी-चोटी का जोड़ लगा रहे हैं
सिन्हा ने कहा कि कौरवों की तरह नीतीश कुमार भी अपनी सेना बढ़ाने में लगे हैं, लेकिन नारायणी सेना, जो राष्ट्रवाद और सत्य को लेकर आगे बढ़ रही है, उसके ही साथ है, ऐसे में नारायणी सेना की जीत तय है। उन्होंने विपक्षी नेताओं को निशाने पर लेते हुए कहा कि कोई भ्रष्टाचार छिपाने, कोई महत्वकांक्षा पाले और कोई अवैध संपत्ति अर्जित करने को लेकर एक मंच पर आने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में सभी स्वार्थी दल एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं, लेकिन जनता सत्य के साथ ही खड़ी है।
विधानसभा नेता प्रतिपक्ष ने आरजेडी द्वारा लगाए गए पोस्टर पर तंज कसते हुए कहा कि कौरव खुद देवत्व रूप में दिखने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे उनका राजनीतिक अंत तय है। उन्होंने कहा कि पोस्टर में पिता और पुत्र दोनों कृष्ण बने हुए हैं। सिन्हा ने कहा कि जातीय संघर्ष, जातीय नफरत, घृणा के अलावा इनके पास कुछ है भी नहीं, यह 32 साल से बिहार में महाभारत के अलावा कर ही क्या पाए हैं?
पोस्टर में सोनिया-राहुल को भी दर्शाया गया
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि धृतराष्ट्र के रूप में मंत्रियों की राजनीति बलि ली जा रही है और धृतराष्ट्र बस पुत्रमोह में पुत्र के लिए मुख्यमंत्री की कुर्सी देख रहे हैं। इधर, अर्जुन बने सीएम भी पीएम बनने की महत्वकांक्षा में राज्य में हो रहे हर अनैतिक कार्य की ओर से आंखे मूंदे हुए हैं। राजद के पोस्टर में लालू प्रसाद भगवान विष्णु के विराट स्वरूप में नजर आ रहे हैं, जिसमें उनके साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव समेत कई राजनीतिक दलों की नेताओं की तस्वीरें को दर्शाया गया है।