लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर पहली बार महागठबंधन के सभी सातों दल एकजुट होकर बिहार के पूर्णिया में शक्ति प्रदर्शन किया। पूर्णिया में महागठबंधन की यह सबसे बड़ी संयुक्त जनसभा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वाम दलों के नेता शामिल हुए। हाल ही में सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट के बाद दिल्ली लौटे आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी इस रैली को वर्चुअली संबोधित किया।
नरेंद्र मोदी सरकार के जाने का समय आ गया- लालू यादव
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा, “जब तक हम एक हैं तब तक महागठबंधन को कोई नहीं तोड़ सकता। हमें देश को बचाना है। हमें अल्पसंख्यकों के अधिकारों को बचाना है। इस बार भाजपा सरकार हारेगी। बिहार में महागठबंधन की जीत होगी। 2024 दिखाएगा हमारी पार्टी की दमदार जीत। पूर्णिया में महागठबंधन की जनसभा में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए लालू यादव ने कहा कि हमें देश को बचाना है, बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान को बचाना है, बिहार और देश को आगे बढ़ाना है, अल्पसंख्यकों की रक्षा करनी है। अब नरेंद्र मोदी की सरकार के जाने का समय आ गया है।
BJP के लोग लीडर नहीं डीलर- तेजस्वी यादव
पूर्णिया में बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा, “ये BJP के लोग लीडर नहीं है। भाजपा में कोई लीडर नहीं है, सब डीलर हो गए हैं। इसलिए ये लोग देश के संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं। हम सांप्रदायिक शक्तियों से केवल लड़ेंगे नहीं बल्कि उन्हें सत्ता से बेदखल करने का काम करेंगे।”
तेजस्वी यादव ने कहा, “रंगभूमि मैदान में 2014 में नरेंद्र मोदी ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया था। यह जुमला था जो बिहार में काम करने वाला नहीं है। 2022 में पक्के मकान बना देंगे, 2 करोड़ रोजगार देंगे, एक भी काम नहीं हुआ। अभी जो देश का बजट आया, उसमें बिहार को कुछ नहीं मिला।” डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि हम 10 लाख लोगों को नौकरी देने का वादा जल्द ही पूरा करने जा रहे हैं। आप लोग धैर्य रखिए। कोई बहकाए तो बहकिए मत। सरकार गंभीर होकर इस पर काम कर रही है।
बीजेपी ने मीडिया पर कब्जा कर लिया- नीतीश कुमार
वहीं, सीएम नीतीश कुमार ने रैली को संबोधित करते हुए कहा, “सातों पार्टियों ने मिलकर तय किया कि हम पहली सभा पूर्णिया में ही करेंगे। दिल्ली से पीएम मोदी और अमित शाह आकर भाषण दिए थे, आज कहीं ओर जाकर भाषण दे रहे हैं। इनका क्या अनुभव है।” उन्होंने कहा, “ये अपनी पार्टी के नेताओं को भी नहीं जानते हैं। बीजेपी ने मीडिया पर कब्जा कर दिया है। कोई भी काम देशहित में नहीं हो रहा है। कहीं जाएंगे कि कुछ न कुछ बोलते रहते हैं। अमित शाह आए थे तो क्या-क्या बोले, बिहार के विकास का कोई काम नहीं किया।”
नीतीश कुमार ने कहा कि जो 2015 विधानसभा चुनाव से पहले जो घोषणा किए थे, वो पूरी ही नहीं हुई। 2024 में विपक्षी मोर्चेबंदी के लिए हम कांग्रेस पार्टी का इंतजार कर रहे हैं। पार्टी जल्दी फैसला ले। 2024 में एकजुट हो जाएंगे तो बीजेपी 100 सीट भी नहीं ला पाएगी। अगर जल्दी नहीं करेंगे तो नुकसान होगा।