Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) गुरुवार (24 नवंबर, 2022) को मध्य प्रदेश के बोरेगांव से शुरू हुई। इस दौरान यात्रा के साथ चल रहे कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा तो वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी तंज कसा।

खंडवा में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कन्हैया कुमार ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया जब कांग्रेस में थे, तब भारतीय जनता पार्टी उनको भ्रष्ट और परिवारवादी बताती थी, लेकिन जैसे ही सिंधिया भाजपा में शामिल हो गए तो उन्हें वहां मंत्री बना दिया गया।

वहीं मंगलवार को राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में आने को लेकर केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने कहा कि यहां सभी का स्वागत है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र है और कोई भी यात्रा निकाल सकता है। उन्होंने कहा कि यात्रा निकालना सभी का अधिकार है। हम हर यात्रा का स्वागत करते हैं।

कन्हैया कुमार ने कहा कि भारत के लोगों को को लड़ाया जा रहा है। उनके अंदर नफरत फैलाई जा रही। उनको बुनियादी चीजों से दूर किया जा रहा है। कुमार कहा कि लोगों के दुख दर्द में हम शामिल हैं। देश के सभी संस्थान कांग्रेस ने बनाए हैं, लेकिन उनको मिसयूज किया जा रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का इतिहास यह है कि जब भी इसको जनता पावर देती है। उस पावर को हम लोग जनता को वापस लौटाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता अगर मुझको ताकत देती है तो हम शासन में और पारदर्शिता लाएंगे।

वहीं बुरहानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर में एक रैली में बोलते हुए राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों की आलोचना की। जिसमें उन्होंने महंगाई, अग्निवीर योजना में कथित खामियों और सरकारी संस्थाओं के निजीकरण की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी कोई नीति नहीं है, यह एक हथियार है। ये ऐसे हथियार हैं जिनका इस्तेमाल छोटे व्यापारियों, किसानों, मजदूरों और एमएसएमई को मारने के लिए किया गया। इसने व्यापारियों की कमर तोड़ दी।

बता दें, कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ छह दक्षिणी और पश्चिमी राज्यों से होते हुए बीजेपी शासित मध्य प्रदेश में प्रवेश कर गई है। 3,570 किलोमीटर का पैदल मार्च राज्य में आज बोरगोन गांव से शुरू हुआ था, जहां राहुल गांधी को बहन प्रियंका गांधी का साथ भी मिला।