AAP workers Protest Over Garbage Issue: आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने दिल्ली नगर निगम द्वारा शहर में कचरा कुप्रबंधन के खिलाफ शुक्रवार (28 अक्टूबर, 2022) को राष्ट्रीय राजधानी के कई निर्वाचन क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आप विधायक आतिशी ने कहा कि जैसे लोग कूड़ा घर से बाहर फेंकते है, ऐसे ही हम भारतीय जनता पार्टी को एमसीडी चुनाव में बाहर फेंक देंगे।

आतिशी ने कहा कि गोविंदपुरी और कालाकाजी में भारतीय जनता पार्टी ने कूड़े का पहाड़ लगाना शुरू कर दिया है। पिछले एक महीने से यहां लैंडफिल साइड बनना शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि कल रात तक यहां आठ-आठ फीट तक पूरी सड़क पर कूड़ा था। इस बात का कालकाजी में रहने वाले सभी लोग जानते हैं। उन्होंने कहा कि जब हमने इस मुद्दे को लेकर बीजेपी शासित एमसीडी को एक्सपोज किया तो कल रातभर बीजेपी ने सफाई करवाई। उन्होंने कहा कि एमसीडी में 15 साल से भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। भाजपा 16 जगह दिल्ली में लैंडफिल साइड बनाने जा रही है। ऐसे में कालकाजी और गोविंदपुरी का क्या हाल होगा।

तिलक नगर क्षेत्र में कूड़े के ढेर के पास प्रदर्शन करते हुए विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि शहर से कचरे के डेर को हटाने के लिए भाजपा को एमसीडी से हटाना होगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ बीजेपी दिल्ली भर में कूड़े के ढेर लगा रही है और उपराज्यपाल ने जनहित की योजनाओं पर रोक लगा दी है। वहीं दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल सरकार दिल्ली के पर्यावरण को बेहतर, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए अथक प्रयास कर रही है। यह प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई है। विकास पुरी विधायक महेंद्र यादव और कोंडली विधायक कुलदीप कुमार जैसे अन्य नेता भी अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

गुरुवार को अरविंद केजरीवाल ने गाजीपुर लैंडफिल साइट का किया था दौरा

कालकाजी विधायक आतिशी, तिलक नगर विधायक जरनैल सिंह, विकासपुरी विधायक महेंद्र यादव और कोंडली विधायक कुलदीप कुमार सहित कई नेता अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। आप नेता और पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में तख्तियां लेकर एकत्र हुए और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। बता दें, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के गाजीपुर लैंडफिल साइट का दौरा करने के दौरान आप और भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को एक-दूसरे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

लैंडफिल साइट का दौरा करने के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि आगामी एमसीडी चुनाव कचरे के मुद्दे पर लड़े जाएंगे, क्योंकि उन्होंने पांच साल में दिल्ली को साफ करने का वादा किया था। अगर उनकी AAP नगर निकाय चुनाव जीतती है।