कोलकाता। पुलिस ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ फेसबुक पर अपमानजनक टिप्पणी के मामले में मालदा जिले से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बापी पाल (25) नाम के इस युवक को बुधवार रात गिरफ्तार करने के बाद गुरुवार को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। तृणमूल कांग्रेस के एक समर्थक की शिकायत पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।

बापी पहले सिविल पुलिस वालंटियर फोर्स का हिस्सा था। ट्रैफिक प्रबंधन में कोलकाता पुलिस की सहायता के लिए कोलकाता नगर निगम ने वर्ष 2008 में इस फोर्स का गठन किया था।

वैसे, फेसबुक पर की गई टिप्पणी के आधार पर राज्य में ममता बनर्जी सरकार की ओर से यह पहली गिरफ्तारी नहीं है। इससे पहले अप्रैल, 2012 में ममता तत्कालीन रेल मंत्री मुकुल राय और पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी पर एक कार्टून पोस्ट करने के आरोप में यादवपुर विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर को भी गिरफ्तार किया गया था। तब उनकी गिरफ्तारी पर काफी बवाल मचा था। माकपा सहित विभिन्न मानवाधिकार संगठनों ने इसे अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला करार देते हुए सरकार के इस कदम की कड़ी निंदा की थी। बाद में उस प्रोफेसर को रिहा कर दिया गया। राज्य मानवाधिकार संगठन ने बाद में राज्य सरकार को उस प्रोफेसर को मुआवजा देने का भी निर्देश दिया था।