तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे के बाद अब पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे। पुष्कर सिंह धामी कल शाम 6 बजे राजभवन में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ उत्तराखंड के नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री भी शपथ लेंगे। उत्तराखंड में नए मुख्यमंत्री नियुक्त किए जाने के मुद्दे पर एक टीवी डिबेट के दौरान कांग्रेस और भाजपा प्रवक्ता आपस में ही भिड़ गए। कांग्रेस प्रवक्ता चीखते हुए कहने लगे कि छाज तो बोले छलनी बोलती है, जिसमें हजारों छेद हैं, आप राफेल पर आइए।

आजतक न्यूज चैनल पर आयोजित टीवी डिबेट में एंकर चित्रा त्रिपाठी के सवाल पर कांग्रेस नेता मुकेश शर्मा ने कहा कि तीरथ सिंह रावत ने जिस तरह की टिप्पणियां की। चाहे फटी जींस को लेकर हो या अमेरिका और कुंभ को लेकर, वह पूरा देश देख रहा था। संवैधानिक नियमों का तो सिर्फ आड़ लिया गया है। सच बात तो यह है कि तीरथ सिंह रावत ने जिस तरह से पार्टी की किरकिरी करा रखी थी, उनसे इस्तीफा लेने का कोई रास्ता निकाला जा रहा था। 


आगे कांग्रेस नेता ने कहा कि आज इस इस्तीफे की आड़ में एक चुनी हुई सरकार को निशाना बनाना लोकतंत्र की हत्या है। साथ ही उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग को तुरंत संवैधानिक आधार पर पश्चिम बंगाल की खाली सीटों पर उपचुनाव करवाना चाहिए। इसमें कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है तो स्वाभाविक तौर पर लोगों की उंगली निर्वाचन आयोग की तरफ उठेगी।

कांग्रेस नेता के आरोपों पर भाजपा प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस ने 90 से ज्यादा ऐसी सरकारों को बर्खास्त किया, जिन सरकारों के पास विधानसभा में पूर्ण बहुमत था। भाजपा प्रवक्ता के इतना कहते ही कांग्रेस नेता मुकेश शर्मा चीखते हुए कहने लगे कि छाज तो बोले, छलनी भी बोले। जिसमें एक हजार छेद है। देश के लोग आपको ढूंढ रहे हैं। आप राफेल घोटाले में लूट कर खा गए। आप राफेल घोटाले पर जवाब दीजिए।

बता दें कि शुक्रवार देर रात 11 बजे के आसपास तीरथ सिंह रावत ने राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को अपना इस्तीफा सौंप दिया। शनिवार को भाजपा कार्यालय में विधायक दलों के साथ हुई बैठक में पुष्कर सिंह धामी को नेता चुन लिया गया। उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री को चुनने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को देहरादून भेजा गया था।