दिल्ली बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 94 साल की आयु में निधन हो गया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक जताया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने X पर एक पोस्ट कर कहा, “जीवनपर्यंत जनसेवा में समर्पित रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा जी के निधन से गहरा दुख हुआ है।”

प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, “वे जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्हें जनता के मुद्दों की गहरी समझ थी। दिल्ली में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। संसद में अपनी सक्रियता और योगदान के लिए भी वे सदैव याद किए जाएंगे। शोक की इस घड़ी में उनके परिवारजनों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ॐ शांति!”

अमित शाह ने भी व्यक्त किया शोक

गृह मंत्री अमित शाह ने विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर कहा, “जनसंघ से लेकर जनता पार्टी और भाजपा तक संगठन को आकार और विस्तार देने में अहम भूमिका निभाने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा जी के निधन से मन अत्यंत व्यथित है।”

उन्होंने कहा, “दिल्ली भाजपा में अध्यक्ष हों, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष या एक जन प्रतिनिधि, विजय कुमार मल्होत्रा जी ने हर भूमिका में देश और दिल्लीवासियों की सेवा की। उनसे हुई प्रत्येक भेंट में संगठन संबंधी कई बारीक बातें जानने को मिलीं। शोक की इस घड़ी में पूरा भाजपा परिवार उनके परिजनों के साथ खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति शांति”

कौन थे विजय कुमार मल्होत्रा?

विजय कुमार मल्होत्रा का जन्म 3 दिसंबर 1931 को लाहौर में हुआ था। वह अपने माता-पिता की चौथी संतान थे। विजय कुमार मल्होत्रा साल 1972 से 1975 के दौरान दिल्ली प्रदेश जनसंंघ के अध्यक्ष रहे। वह साल 1977-80 और 1980-84 में दिल्ली में बीजेपी के अध्यक्ष भी नियुक्त किए गए।

यह भी पढ़ें: कहां बना है दिल्ली BJP का नया दफ्तर?

विजय कुमार मल्होत्रा पांच बार सांसद और दो बार विधायक चुने गए। उन्होंने साल 1999 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता मनमोहन सिंह को मात दी। मनमोहन सिंह साल 2004 में देश के प्रधानमंत्री बने। 

साल 2004 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली में बीजेपी के सात प्रत्याशियों मे से सिर्फ विजय कुमार मल्होत्रा ही चुनाव जीत पाए थे। विजय मल्होत्रा साल 2008 के दिल्ली चुनाव में बीजेपी के सीएम पद उम्मीदवार भी थे। यह चुनाव शीला दीक्षित के नेतृत्व में कांंग्रेस पार्टी जीतने में सफल रही। विजय कुमार मल्होत्रा ​​एक शिक्षाविद् भी थे। उन्होंने पास हिंदी साहित्य में डॉक्टरेट की उपाधि भी थी। राजनीति और सामाजिक कार्यों के अलावा विजय कुमार मल्होत्रा ​​दिल्ली में शतरंज और तीरंदाजी क्लबों से भी जुड़े रहे।

यह भी पढ़ें: कितना बड़ा है दिल्ली CM रेखा गुप्ता का परिवार, क्या करते हैं पति?