नए साल पर दिल्ली-एनसीआर में ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में नए साल की शुरुआत ठंड के साथ होने वाली है। वहीं कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रिपोर्ट के अनुसार, मृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, कपूर्थला, लुधियाना, पठानकोट, पटियाला, रूपनगर और तरनतारन जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात रहने वाले हैं।
इन राज्यों में रेड अलर्ट
बता दें कि कोल्ड डे तब घोषित किया जाता है जब लागातार दो दिन तक तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहता है। वहीं राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को लेकर नए साल पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अलर्ट इसलिए जारी किया है क्योंकि इन राज्यों में बहुत अधिक ठंड पड़ने वाली है। वहीं कई जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे उत्तर भारत में पहले से ही ठंड पड़ रही है मगर इन राज्यों में अभी हाड़ कंपाने वाली सर्दी पड़ने वाली है। कुल मिलाकर अभी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है।
यूपी में कुछ जगहों पर छाया रहेगा घना कोहरा
रिपोर्ट के अनुसार, यूपी के कुछ हिस्सों में 31 दिसंबर, 2023 की रात से लेकर 2 जनवरी, 2024 की सुबह तक घना कोहरा रहने वाला है। इस दौरान विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रहने वाली है। इसके अलावा अगले 2-3 दिनों तक राज्य के कुछ अन्य इलाकों में भी कोहरा देखने को मिलेगा। नए साल पर दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश और यूपी में तापमान गिरने वाला है, जिससे ठंड बढ़ सकती है।
हरियाणा पंजाब मौसम
पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर रविवार को दिन के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई जबकि दोनों राज्यों में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा जिसके कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक कोहरे और ठंड के मौसम की स्थिति को देखते हुए पंजाब सरकार ने एक जनवरी से प्राइवेट समेत सभी स्कूलों के समय में बदलाव करने का फैसला किया है। एक बयान के अनुसार पंजाब में स्कूलों के खुलने का नया समय सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक है जो 14 जनवरी तक लागू रहेगा।
राजस्थान मौसम
राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के कुछ स्थानों पर रविवार को ठंडी हवा चलने और अधिकतम तापमान में गिरावट के कारण दिन में भी ठिठुरन महसूस की गई मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसके अनुसार, पूर्वी राजस्थान के पिलानी में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस, धौलपुर में 17.2 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 18.4 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 19.6 डिग्री सेल्सियस, सवाई माधोपुर में 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के हनुमानगढ़ के संगरिया में 11.9 डिग्री, गंगानगर में 13.9 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 18.1 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 19.7 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।