UP Budget News: वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना आज विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बजट पेश करेंगे। यह योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का तीसरा आम बजट है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने रविवार को हस्ताक्षर करने के साथ ही इसे अंतिम रूप दे दिया। इस बार का बजट 7.5 लाख करोड़ से ज्यादा हो सकता है। संभावना जताई जा रही है कि इस बजट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सौर ऊर्जा, धार्मिक पर्यटन, कृषि, उद्योग और एमएसएमई पर फोकस किया जा सकता है।

चुनावी साल में जनता को मिल सकता है तोहफा

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सोमवार सुबह 11 बजे बजट पेश करने वाले हैं। इस बजट में योगी सरकार कई अहम घोषणाएं कर सकती है। यह चुनावी साल है, इसलिए उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार जनता को खुश करने के लिए कुछ घोषणाएं कर सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, बजट के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद पर चर्चा होगी।

वित्त मंत्री ने कहा- उप्र की अर्थव्यवस्था बनाने का मजबूत आधार बनेगा राज्य का बजट

उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सोमवार को राज्य विधानसभा में पेश किए जाने वाले बजट को अंतिम रूप देते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का मजबूत आधार बनेगा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि वित्त मंत्री ने सोमवार को प्रस्तुत होने वाले बजट पर हस्ताक्षर कर इसे अंतिम रूप दिया।

उन्होंने आगे बताया कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के दूसरे कार्यकाल का तीसरा बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प पर आधारित है। खन्ना ने दावा किया कि यह बजट प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का मजबूत आधार स्तंभ बनेगा।

यह बजट प्रदेश के विकास के साथ ही आधारभूत ढांचे के पुनर्निर्माण और गरीबों, वंचितों, युवाओं, महिलाओं किसानों को सम्मानजनक जीवन जीने के साथ, विकास की मुख्यधारा में लाने को समर्पित होगा। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश में प्रचीन सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना के साथ ही विकास के सभी आधुनिक मापदंडों पर चलने का एक दस्तावेज है।