यूपी में 2017 में होने वाले विधानसभा सभा चुनावों में बसपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है। टीवी चैनल एबीपी न्यूज-नीलसन के ओपिनियन पोल के अनुसार सत्‍ताधारी सपा को करारा झटका लगेगा। हालांकि किसी दल को स्‍पष्‍ट बहुमत नहीं मिलेगा। वहीं भाजपा गठबंधन दूसरे बड़े दल के रूप में बनकर उभर सकता है। पीएम नरेंद्र मोदी के कामकाज से हालांकि लोग संतुष्ट हैं लेकिन यूपी में इनका जलवा अभी बरकरार नहीं दिखाई दे रहा है।

जानिए किसको मिलेगी कितनी सीटें: सर्वे के अनुसार यूपी के कुल 403 सीटों पर अगर आज की तारीख में चुनाव हो तो बीएसपी को 185 सीट मिल सकती है। भाजपा को 120 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं सत्तारूढ़ दल सपा को 80 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है। मौजूदा विधानसभा में सपा के 228, बीएसपी के 80 और बीजेपी के पास 42 विधायक हैं। कांग्रेस और आरएलडी को सर्वे में नुकसान की बात कही गई है। साल 2012 में कांग्रेस के 29 और आरएलडी के 8 विधायक बने थे। दोनों दलों को इस बार एक साथ 13 सीटें मिलने का अनुमान है।

कौन है मुख्‍यमंत्री पद का पसंदीदा: यह सर्वे इस साल 19 फरवरी से 1 मार्च के बीच यूपी के 61 सीटों पर किया गया। सर्वे में कुल 19 हजार 572 वोटरों की राय लेने का दावा किया गया है। सर्वे के अनुसार सीएम पद की पसंद में कड़ी टक्कर के बावजूद अखिलेश यादव पर मायावती भारी पड़ती दिख रही हैं। लोगों की पसंद का 31 फीसदी हिस्सा मायावती के साथ तो 30 फीसदी अखिलेश यादव के साथ है।