उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने रविवार को भरोसा जताया कि उनकी पार्टी में किसी से भी गठबंधन किए बिना चुनाव लड़ने और अपने दम पर अगली सरकार बनाने की क्षमता है। इधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की चुनौती स्वीकार करते हुए कहा है कि अगले साल विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा राज्य में एक बार फिर सरकार बनाएगी।
कांग्रेस नेता ने कहा कांग्रेस अगले साल के उत्तर प्रदेश विधानससभा चुनाव प्रियंका गांधी वाड्रा की ‘देख-रेख’ में लड़ेगी और कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी करीब तीन दशक बाद राज्य की सत्ता में वापसी करेगी। लल्लू ने कहा कि कांग्रेस “दमनकारी’’ उत्तर प्रदेश सरकार को मुख्य चुनौती देने वाली पार्टी के तौर पर उभरी है। उन्होंने दावा किया कि 403 सदस्यीय विधानसभा में महज पांच विधायकों के साथ उनकी पार्टी 49 विधायकों वाली सपा से ज्यादा प्रभावी विपक्ष के रूप में साबित हुई है।
उन्होंने राज्य में “बदलाव की हवा” चलने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘बदलाव की आंधी है, जिसका नाम प्रियंका गांधी है।” प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि प्रियंका गांधी के नेतृत्व में राज्य में विभिन्न स्तरों पर कांग्रेस संगठन मजबूत हुआ है। उत्तर प्रदेश चुनावों के लिए क्या पार्टी को प्रियंका गांधी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं बनाना चाहिए, यह पूछने पर लल्लू ने कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए किसे चेहरा बनाया जाएगा, इसका फैसला पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा।
पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी या सपा या बसपा के साथ गठबंधन करेगी, इसपर लल्लू ने कहा कि कांग्रेस लोगों, किसानों, गरीबों, महिलाओं एवं दलितों के मुद्दों के साथ गठबंधन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस गठबंधन के साथ लोगों के पास जाएगी और उसे भरोसा है कि वे इसका साथ देंगे।
इधर योगी आदित्यनाथ ने ओवैसी की चुनौती को स्वीकार कर लिया है। दरअसल ओवैसी ने पिछले दिनों एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था “हम योगी को दोबारा उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री नहीं बनने देंगे। अगर हमारा मनोबल ऊंचा हो और हम कड़ी मेहनत करें तो कुछ भी हो सकता है। हमारा मकसद है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार दोबारा ना बने।”
मुख्यमंत्री ने शनिवार को एक निजी समाचार चैनल से बातचीत में ओवैसी के इस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा “ओवैसी जी बड़े राष्ट्रीय नेता हैं। वह चुनाव प्रचार के लिए देश के विभिन्न भागों में जाते रहते हैं और उनका अपना जनाधार है लेकिन अगर उन्होंने भाजपा को चुनौती दी है तो पार्टी के कार्यकर्ता इसे स्वीकार करते हैं। प्रदेश में भाजपा अगली बार भी सरकार बनाएगी और इसमें कोई संदेह नहीं है।”