देशभर में कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के बीच अब राज्य सरकारों और प्रशासन ने अपने लोगों की सुरक्षा का ख्याल करते हुए दूसरे राज्यों से लगे बॉर्डर सील करना शुरू कर दिया है। इससे प्रवासी मजदूरों के साथ दूसरे राज्यों में जरूरी काम से जा रहे लोगों को भी भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली में काम करने वालों को उठानी पड़ रही है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में प्रशासन ने कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते गाजीपुर के करीब बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया है। इसके अलावा हरियाणा सरकार ने भी गुरुग्राम स्थित सीमा को बंद करने के निर्देश दिए हैं।
दोनों ही राज्यों में प्रशासन ने लॉकडाउन में मिली छूट के बावजूद अब सिर्फ आवश्यक सेवाओं और ई-पास वाले लोगों को आने-जाने की अनुमति दी है। इसके चलते बड़ी संख्या में दिल्ली या बाहरी राज्यों में काम के लिए जाने वाले लोगों को परेशानी हुई है। दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर को तो प्रशासन ने सोमवार को ही सील करने के आदेश दे दिए थे। इसके बाद मंगलवार से आज तक हर दिन गाजीपुर के पास भयानक जाम देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में कारें, ट्रक और दोपहिया वाहन घंटों जाम में ही फंसे दिख रहे हैं। इससे पहले अप्रैल में भी गाजियाबाद प्रशासन ने कोरोना मामलों को नियंत्रित करने के लिए सीमाएं सील की थीं।
#WATCH: People in large numbers gather at Delhi-Gurugram border; Haryana Govt yesterday sealed borders with Delhi in wake of increasing number of #COVID19 cases pic.twitter.com/MgCbtOJPlw
— ANI (@ANI) May 29, 2020
लॉकडाउन 5.0 के लिए क्या हो सकती है सरकार की योजना, पढ़ें
दूसरी तरफ हरियाणा में कोरोना के मामलों पर लगाम लगाने के लिए हरियाणा सरकार ने सख्ती दिखाई और गृह मंत्री अनिल विज के आदेश पर दिल्ली से सटे राज्य के बॉर्डर को दोबारा सील कर दिया। इसका असर शुक्रवार को देखने को मिल रहा है। गुरुग्राम बॉर्डर पर तो खास तौर पर भारी ट्रैफिक जाम के साथ प्रवासी मजदूर भी बड़ी संख्या में जुटे हैं।
गौरतलब है कि हरियाणा ने भी दूसरी बार दिल्ली से लगे बॉर्डर सील किए हैं। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को दिल्ली से सटी सीमाओं पर प्रतिबंध हटाने के निर्देश दिए थे। हरियाणा सरकार ने इस सख्ती के बाद केंद्र की गाइडलाइन के मुताबिक डॉक्टरों, नर्सों, पुलिसकर्मियों व अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को सीमा पर आने-जाने की इजाजत दे दी थी। हालांकि, हरियाणा आने वाले लोगों के लिए पास के साथ कोरोना से संक्रमित न होने की रिपोर्ट न लाने की शर्त जोड़ी गई थी।