Sonia Gandhi’s Mother Death News: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मां पाओला माइनो का 27 अगस्त को इटली में निधन हो गया। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। सोनिया गांधी पिछले हफ्ते अपनी मां से मिलने के गईं थीं। यह चिकित्सा जांच के लिए उनकी विदेश यात्रा का हिस्सा था, जहां उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा उनके साथ गए थे। सोनिया गांधी की मां के निधन की सूचना कांग्रेस के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर दी है।

बता दें, राहुल और प्रियंका पिछले कुछ सालों में कई बार अपनी नानी से मिलने गए। 2020 में जब राहुल गांधी को उनकी लगातार विदेश यात्राओं पर कुछ आलोचनाओं का सामना करना पड़ा तो पार्टी ने कहा था कि वह एक बीमार रिश्तेदार से मिलने के लिए इटली की निजी यात्रा पर थे। वहीं सोनिया गांधी की मां निधन पर राष्ट्रपति, पीएम मोदी समेत राजनीतिक दलों के कई नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोनिया गांधी की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी आत्मा को शांति मिले। दुख की इस घड़ी में मेरे विचार पूरे परिवार के साथ हैं।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की मां के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। परिवार के सभी सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं। ईश्वर उन्हें यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे और आत्मा को शांति दे। वहीं, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने ट्वीट किया कि सोनिया गांधी जी की मां के निधन पर गहरा दुख प्रकट करता हूं। ईश्वर कांग्रेस अध्यक्ष और उनके परिवार के सदस्यों को यह दुख सहन करने की शक्ति दे।

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि सोनिया गांधी की मां के निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध और दुखी हूं। सोनिया गांधी के परिवार के प्रति मेरी संवेदना।’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी ट्वीट कर संवेदना व्यक्त की।अब्दुल्ला ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मैं अपने पिता और परिवार के अन्य सदस्यों की तरफ से सोनिया गांधी, राहुल, प्रियंका और पूरे परिवार को श्रीमती गांधी की मां के दुखद निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। श्रीमती माइनो की आत्मा को शांति मिले।’

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी सोनिया गांधी की मां प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा, “कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती की मां श्रीमती पाओला माइनो के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। सोनिया गांधी और उनेक परिवार के प्रति मेरी संवेदना। ईश्वर उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें।”