Sonia Gandhi Health Update: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की हालत स्थिर बनी हुई है। गांधी अभी भी सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल के बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने उनको लेकर ताजा अपडेट जारी किया है।

डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी की स्वास्थ्य स्थिति पर डॉक्टरों की टीम निगरानी कर रही है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। इससे पहले अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण रविवार रात को उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया गया था। उन्हें पेट संबंधित परेशानी है। गैस्ट्रोइंटेरोलाजी सर्जरी के विशेषज्ञ डॉ. समीरन नंदी की देखरेख में उनका इलाज शुरू हुआ था। हॉस्पिटल मैनेजमेंट की तरफ से यह जानकारी दी गई थी कि उन्हें रविवार रात 9:10 बजे अस्पताल अस्पताल लाया गया था।

इससे पहले सात जून को भी उनकी तबीयत खराब हो गई थी और तब वह शिमला में थीं। तब उन्हें शिमला के ही अस्पताल में भर्ती किया गया था। 78 वर्षीय सोनिया गांधी को उम्र की वजह से कई बार स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने के चलते पहले भी सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया जाता रहा है। इस साल 20 फरवरी को भी उन्हें पेट संबंधी परेशानी होने पर सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सोनिया गांधी को आखिरी बार संसद में 13 फरवरी को देखा गया था। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उन्होंने संसद में प्रश्नकाल के दौरान सरकार से जनगणना जल्दी पूरी कराने के लिए भी कहा था। साथ ही 14 करोड़ से ज्यादा लोगों के खाद्य सुरक्षा कानून के तहत मिलने वाली सुविधाओं से वंचित रहने का भी सरकार पर आरोप लगाने के साथ सरकार से कई सवाल भी पूछे थे।

शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में हुई थी नियमित जांच

इससे पहले 7 जून को उन्हें नियमित मेडिकल जांच के लिए शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में मेडिकल जांच के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता को छुट्टी दे दी गई थी। हाल के महीनों में यह पहली बार नहीं है जब सोनिया गांधी को चिकित्सा सहायता लेनी पड़ी हो। फरवरी में उन्हें पेट से संबंधित समस्याओं के कारण दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

चार-पांच साल में कई बार बिगड़ चुकी सोनिया गांधी की तबीयत

पिछले चार-पांच वर्षों में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की तबीयत कई बार खराब हुई है और उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। सोनिया गांधी लंबे समय से श्वसन संबंधी समस्याओं और पोस्ट-कोविड जटिलताओं से पीड़ित रही हैं। साल 2022 में उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में सांस लेने में तकलीफ और वायरल फीवर के चलते भर्ती कराया गया था। इसके बाद जून 2022 में कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें दोबारा भर्ती कराना पड़ा। सितंबर 2022 में भी उन्हें स्वास्थ्य कारणों से दिल्ली के अस्पताल में एडमिट किया गया।

78 साल की हैं सोनिया गांधी

सोनिया गांधी की उम्र 78 साल है। लगातार बढ़ती उम्र और उनकी मेडिकल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नियमित चेकअप और इलाज चलता रहा है। उम्र बढ़ने के साथ उनके स्वास्थ्य को लेकर कांग्रेस पार्टी हमेशा सतर्क रही है और हर बार उनके इलाज के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी अस्पताल में मौजूद रहते हैं। हालिया शिमला दौरे में भी विश्राम के इरादे से वह पहुंची थीं, जहां उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई।

‘जो जमानत पर बाहर हैं, उन्हें कभी भी जेल हो सकती’, रेखा गुप्ता का केजरीवाल पर बड़ा हमला; मान को बताया डमी मुख्यमंत्री

अमेरिका में भी हुआ सोनिया गांधी का इलाज

सोनिया गांधी का इलाज अमेरिका में भी हुआ। साल 2011 में पहली बार उन्हें गंभीर बीमारी के इलाज के लिए अमेरिका ले जाया गया था, हालांकि उस समय बीमारी का खुलासा नहीं किया गया। इसके बाद वह नियमित जांच और फॉलोअप के लिए साल 2012, 2013, 2016 और फिर 2022 में भी न्यूयॉर्क गई थीं। पार्टी की ओर से बीमारी को लेकर गोपनीयता बरती गई।

सोनिया गांधी ने अपनी अंतिम सार्वजनिक उपस्थिति 27 मई को दर्ज कराई थी, जब उन्होंने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की 61वीं पुण्यतिथि पर दिल्ली स्थित उनके स्मारक शांति वन में पुष्पांजलि अर्पित की थी।