Sonia Gandhi Hospitalised: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने मीडिया से इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें ‘मामूली समस्याओं’ के कारण नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल लाया गया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को कुछ मामूली स्वास्थ्य समस्याओं के कारण नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लाया गया है। चौहान ने कहा कि डॉक्टर उसकी जांच कर रहे हैं। उनकी हालत स्थिर है। विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के जल्द ही अस्पताल पहुंचने की उम्मीद है, ऐसा न्यूज़18 की रिपोर्ट में बताया गया है। रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि उनकी मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग (MRI) की जा रही है।
चार-पांच साल में कई बार बिगड़ चुकी सोनिया गांधी की तबीयत
पिछले चार-पांच वर्षों में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की तबीयत कई बार खराब हुई है और उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। सोनिया गांधी लंबे समय से श्वसन संबंधी समस्याओं और पोस्ट-कोविड जटिलताओं से पीड़ित रही हैं। साल 2022 में उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में सांस लेने में तकलीफ और वायरल फीवर के चलते भर्ती कराया गया था। इसके बाद जून 2022 में कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें दोबारा भर्ती कराना पड़ा। सितंबर 2022 में भी उन्हें स्वास्थ्य कारणों से दिल्ली के अस्पताल में एडमिट किया गया।
78 साल की हैं सोनिया गांधी
सोनिया गांधी की उम्र 78 साल है। लगातार बढ़ती उम्र और उनकी मेडिकल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नियमित चेकअप और इलाज चलता रहा है। उम्र बढ़ने के साथ उनके स्वास्थ्य को लेकर कांग्रेस पार्टी हमेशा सतर्क रही है और हर बार उनके इलाज के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी अस्पताल में मौजूद रहते हैं। हालिया शिमला दौरे में भी विश्राम के इरादे से वह पहुंची थीं, जहां उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई।
अमेरिका में भी हुआ सोनिया गांधी का इलाज
सोनिया गांधी का इलाज अमेरिका में भी हुआ। साल 2011 में पहली बार उन्हें गंभीर बीमारी के इलाज के लिए अमेरिका ले जाया गया था, हालांकि उस समय बीमारी का खुलासा नहीं किया गया। इसके बाद वह नियमित जांच और फॉलोअप के लिए साल 2012, 2013, 2016 और फिर 2022 में भी न्यूयॉर्क गई थीं। पार्टी की ओर से बीमारी को लेकर गोपनीयता बरती गई।
सोनिया गांधी ने अपनी अंतिम सार्वजनिक उपस्थिति 27 मई को दर्ज कराई थी, जब उन्होंने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की 61वीं पुण्यतिथि पर दिल्ली स्थित उनके स्मारक शांति वन में पुष्पांजलि अर्पित की थी।
हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय ने नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी को आरोपी नंबर 1 और उनके बेटे राहुल गांधी (54) को आरोपी नंबर 2 बनाया है। इनके अलावा ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दायर अभियोजन शिकायत में पांच अन्य लोगों को भी नामजद किया है। वहीं, 31 मार्च, 2025 को सोनिया गांधी ने नई शिक्षा नीति को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा था। पढ़ें…पूरी खबर।