Kolkata Doctor Rape-Murder Case: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के बलात्कार और हत्या मामले का मुख्य आरोपी संजय रॉय शुक्रवार को जज के सामने भावुक हो गया। उसने रोते हुए जज से कहा कि वो निर्दोष है। उसको फंसाया जा रहा है। सीबीआई ने संजय रॉय को कोलकाता की कोर्ट में पेश किया था। इस दौरान सीबीआई ने आरोपियों और संदिग्धों की पॉलीग्राफ टेस्ट की अनुमति मांगी थी। बता दें,पॉलीग्राफ टेस्ट कोर्ट और संदिग्ध या आरोपी व्यक्ति की सहमति के बाद ही किया जाता है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, जब जज ने संजय रॉय से पूछा कि वह पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए क्यों सहमत हो रहा है, तो वह रो पड़ा। उसने कोर्ट को बताया कि उसने पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए इसलिए सहमति दी, क्योंकि वो निर्दोष है। उसने कहा कि मैंने कोई अपराध नहीं किया। मुझे फंसाया जा रहा है। शायद यह पॉलीग्राफ टेस्ट में साफ हो जाएगा। इसके बाद कोर्ट ने संजय रॉय का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की अनुमति दे दी। साथ ही उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
कोर्ट ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष और मामले से जुड़े पांच अन्य लोगों पर पॉलीग्राफ टेस्ट की अनुमति भी दी है। इन पांच लोगों में चार डॉक्टर शामिल हैं, जिन्होंने घटना की रात मृतक डॉक्टर और रॉय के साथ डिनर किया था। जानकारी के लिए बता दें, कोर्ट ने जिन आरोपियों के पॉलीग्राफ टेस्ट की अनुमति दी थी। उन सभी का टेस्ट आज यानी शनिवार को शुरू हो चुका है।
9 अगस्त को कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सेमिनार हॉल में प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। यह अपराध देर रात विभाग के तीसरी मंजिल स्थित सेमिनार हॉल में हुआ और बाद में पुलिस ने बताया कि उसके शरीर पर कई घाव और चोट के निशान पाए गए।
संजय रॉय को घटना के एक दिन बाद गिरफ़्तार किया गया था। उसे अपराध के करीब समय के आसपास इमारत में प्रवेश करते देखा गया था, और उसके ब्लूटूथ हेडफ़ोन अपराध स्थल के पास पाए गए थे। संजय रॉय के मोबाइल फ़ोन पर कई अश्लील क्लिप भी कथित तौर पर पाई गई थीं।
इस अपराध से व्यापक आक्रोश फैल गया तथा चिकित्सा समुदाय के भीतर और बाहर भी विरोध प्रदर्शन हुए। अधिकांश सरकारी अस्पतालों में रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन ने प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ हुए क्रूर बलात्कार और हत्या के खिलाफ 11 दिनों तक विरोध प्रदर्शन किया। परिणामस्वरूप ओपीडी, गैर-आपातकालीन सर्जरी, डायग्नोस्टिक्स सहित अन्य सेवाओं सहित सभी वैकल्पिक सेवाएं ठप हो गईं। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट कहने के बाद हड़ताल वापस ले ली गई ।
आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट शुरू
कोलकाता रेप-मर्डर केस के आरोपियों का पॉलीग्राफी टेस्ट शुरू हो चुका है। मुख्य आरोपी संजय रॉय का जेल में ही टेस्ट हो रहा है। वहीं, पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष, 8 अगस्त की रात ट्रेनी डॉक्टर के साथ डिनर करने वाले 4 डॉक्टर, 1 वॉलंटियर से CBI दफ्तर में पूछताछ की जा रही है। वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है। ममता ने PM को लिखा कि देश में रोज दुष्कर्म के 90 मामले सामने आते हैं। इसे रोकने के लिए सख्त कानून बनना चाहिए। जरूरी है कि केंद्र सरकार एक कड़ा कानून बनाए, जिसमें इस तरह के जघन्य अपराध करने वाले को कड़ी सजा का प्रावधान हो।
