बंगाल चुनाव को लेकर आजतक पर चल रहे एक कार्यक्रम में बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने ममता बनर्जी पर हमला करते हुए प्रियंका गांधी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय ये लोग ऐसा करते ही हैं। अभी ममता बनर्जी मंदिर जा रही हैं, पहले राहुल गांधी भी मंदिर जाने लगे थे। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रियंका गांघी ने तो राधे मां का रूप धारण कर लिया था मैं तो तीन दिन तक उन्हें देखकर कन्फ्यूज था।
आजतक पर चित्रा त्रिपाठी ने संबित पात्रा से कहा था कि ममता बनर्जी ने कहा है कि मुझे कोई हिंदूत्व का पाठ न पढाएं। जवाब देते हुए संबित पात्रा ने कहा कि इतिहास अपने आप को दोहरा रहा है। 2019 के चुनाव से पहले राहुल गांधी ने भी इसी तरह का कार्य किया था, जो आज ममता बनर्जी कर रही है। अचानक राहुल गांधी जो पहले राम जी का नाम भी लेना नहीं पसंद करते थे उन्होंने कोट के ऊपर ही अपना जनेऊ पहन लिया था। प्रियंका गांधी जी ने तो राधे मां का रूप धारण कर लिया था। एक फोटो है आप को याद है कि नहीं? तीन दिन तक मैं सोच रहा था कि वो राधे मां है बाद में किसी ने मुझे बताया कि ये राधे मां नहीं है ये तो प्रियंका गांधी वाड्रा है। 2019 के चुनावो में इन लोगों का क्या हश्र हुआ आपने देखा।
ममता बनर्जी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि ये वही है जिन्हें दुर्गा पूजा के विसर्जन को रोकने के लिए कोर्ट से फटकार लगी थी। फटकार लगने के बाद उन्होंने जुलूस को जाने दिया था। वही ममता बनर्जी आज चंडी पाठ कर रही है।
पहले हर नुक्कड़ पर हर चौराहे पर ममता बनर्जी नमाज पढ़ती हुई नजर आ जाती थी। आज वही ममता बनर्जी भगवान कृष्ण को याद कर रही है। मां दुर्गा को याद कर रही है। मुझे तो लगता है कि हमारी जीत हो गयी। अगर ममता बनर्जी भारतीय संस्कृति को अपनाने के लिए तैयार है तो इससे बड़ी हमारी जीत क्या हो सकती है?
संबित पात्रा ने कहा कि ममता बनर्जी का भी कांग्रेस वाला ही हश्र होने वाला है। पलटवार करते हुए सुपोर्णों मोइत्रा ने कहा कि बीजेपी की यह गलतफहमी है कि हिंदु धर्म की मिल्कियत सिर्फ उनके पास ही है।