हम देश में तिरंगे की जगह आरएसएस और बीजेपी को केसरिया झंडा नहीं फहराने देंगे। लाखों कुर्बानियां देकर तिरंगे को हासिल किया है। ये कहना है आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का। लालू ने कहा कि अब देश में आरएसएस भगवा-केसरिया झंडा फहराना चाहता है। उन्होंने कहा कि जो ऐसी बातें बोलते हैं, वह भारतवंशियों का दुश्मन है। ये जन-गण-मन पर भी आशंका जता रहे हैं।

लालू ने ये बातें पटना में आयोजित एक प्रेस कॉंफ्रेस में कहीं। इसी दौरान लालू आरजेडी के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मौजूद लोगों से अपील कर कहा कि सभी देशवासी एकजुट होकर संकल्प लें कि अब वे देश का टुकड़ा नहीं होने देंगे। आरएसएस रंगभेद व मजहब के नाम पर देश का टुकड़ा करना चाहता है।

उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव बाद पार्टी की वृहत मीटिंग होगी, इसके बाद भाजपा-आरएसएस के खिलाफ अभियान शुरू होगा। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारी कम बैठेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ताड़ी की बिक्री पर प्रतिबंध को लेकर पुन: समीक्षा करेगी। हमने इस पर सरकार से बात की है। हालांकि आपको ये भी बता दें कि आरजेडी पूरी तरह से राज्य में शराबबंदी के पक्ष में भी है। उन्होंने कहा कि यूपी चुनाव को लेकर वे समय पर अपना पक्ष रखेंगे। पश्चिम बंगाल चुनाव में प्रचार के लिए बड़े नेताओं की कोई कमी नहीं है।
राजद की 77 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी गठित की गई है। रविवार को लालू प्रसाद ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सूची जारी की। इसमें पार्टी अध्यक्ष के अतिरिक्त पांच उपाध्यक्ष, चार महासचिव, नौ सचिव, एक कोषाध्यक्ष व एक प्रधान महासचिव तथा 56 कार्यकारिणी सदस्य हैं। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व सांसद जगदानंद सिंह, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव भी शामिल हैं।