भजनलाल शर्मा को राजस्थान के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुन लिया गया है। वे भरतपुर के रहने वाले हैं हालांकि उन्होंने सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। भजनलाल शर्मा के सीएम बनने की खुशखबरी जब उनके माता-पिता को दी गई तो उन्हें इस बात पर यकीन ही नहीं हुआ। जब मीडिया ने उनकी मां गोमती देवी से कहा कि आपके बेटे राजस्थान के मुख्यमंत्री के लिए चुने गए हैं तो वे हाथ जोड़कर रोने लगीं।

उन्होंने कहा कि बहुत बढ़ियां… भगवान की मर्जी है। बहुत खुश हैं। बेटा सीएम बनने वाला है। यह सब भगवान की कृपा है। मां की खुशी उनके चेहरे से झलक रही थीं। खुशी के मारे वे अपनी भावनाओं को बयां नहीं कर पा रहीं थीं। वे सिर्फ हाथ जोड़कर सबका धन्यवाद कर रही थीं।

वहीं पिता किशन लाल ने कहा कि उसने बहुत संघर्ष किया है। पिता के चेहरे पर गर्व साफ झलक रहा था। वे सभी का धन्यवाद कर रहे थे। वे कह रहे थे कि यह आप सभी की देन है। सब भगवान की मर्जी है। उन्हें अपने बेटे पर पूरा भरोसा था। उनका कहना था कि बेटे ने बहुत संघर्ष किया है।

कौन हैं भजनलाल शर्मा?

भजनलाल शर्मा को बीजेपी ने सांगानेर से मैदान में उतारा था। वह पार्टी के महामंत्री रहे हैं। भजनलाल शर्मा का आरएसएस से भी संबंध रहा है। बीजेपी संगठन में वह एक मजबूत भूमिका में रहे हैं। सांगानेर सीट से भजन लाल शर्मा को मैदान में उतार कर पार्टी ने उनकी एंट्री के संकेत दे दिए थे। लगातार जारी सियासी कयासों के बीच भी यह चर्चा थी कि भाजपा एक ऐसा चेहरा सामने ला सकती है जो काफी नया हो। भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस के पुष्पेंद्र भारद्वाज को 48,081 वोटों से शिकस्त दी थी। भजनलाल शर्मा के पास राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की डिग्री है।

राजस्थान भाजपा के संगठन में भजनलाल शर्मा ने काफी काम किया है। वह सांगानेर से विधायक बनने से पहले भाजपा के तीन बार महामंत्री रहे हैं। वे राजस्थान के पूर्वी इलाके से आते हैं और भरतपुर में उनका घर है।