कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार (3 अप्रैल, 2023) को 2 साल की सजा के खिलाफ सूरत कोर्ट में अपील करने जा रहे हैं। वह प्रियंका गांधी के साथ सूरत पहुंच गए हैं। इस दौरान, कांग्रेस पार्टी के बड़े नेता भी सूरत पहुंच रहे हैं। इस बीच कांग्रेस ने गुजरात की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को सूरत पहुंचने से रोकने के लिए अवैध गिरफ्तारियां की जा रही हैं।

जयराम रमेश ने ट्वीट कर गुजरात सरकार पर बोला हमला

जयराम रमेश ने एक ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को सूरत जाने से रोकने के लिए अवैध गिरफ्तारी करने के समाचार लगातार मिल रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, “भाजपा का अलोकतांत्रिक चेहरा बार-बार बेनकाब हो रहा है। कांग्रेस इन सब हरकतों की निंदा करते हुए उनकी तुरंत रिहाई की मांग करती है।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने कहा- राहुल गांंधी देश के लिए लड़ रहे

बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस शासित तीन राज्यों के मुख्यमंत्री, पार्टी के अन्य राष्ट्रीय और राज्य इकाइयों के नेता भी अदालत तक उनके साथ जा सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने कहा कि राहुल गांधी देश के लिए लड़ रहे हैं और ऐसे में पार्टी के नेता उनके समर्थन के लिए सूरत पहुंच रहे हैं और यह कोई शक्ति प्रदर्शन नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने किसी को बुलाया नहीं है और जो भी नेता सूरत पहुंच रहे हैं वो उनका खुद का निर्णय है। इस बीच कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित गुजरात में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सूरतजाने से रोका जा रहा है।

राहुल गांधी को 2019 के सरनेम विवाद मामले को लेकर 2 साल की सजा सुनाई गई थी, जिसके बाद उनकी लोकसभा की सदस्यता भी चली गई। इसके अलावा, वह 8 साल तक चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। उन्हें अपील करने के लिए कोर्ट ने 30 दिन का समय दिया था।