Rahul Gandhi Speech Lok Sabha: भारत के संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ पर चर्चा के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सत्ता पक्ष पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान राहुल गांधी ने बीजेपी-आरएसएस और वीडी सावरकर पर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि वीडी सावरकर ने कहा था संविधान में कुछ भी नहीं है, मनु स्मृति कानून है। गांधी ने कहा कि हमारा संविधान नए भारत का संविधान है। संविधान में हमारे नए भारत के विचार हैं। भारत में दो विचारों की लड़ाई चल रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि मैं अपना भाषण भाजपा के नहीं बल्कि RSS के विचारों की आधुनिक व्याख्या करने वाले सर्वोच्च नेता के कथन को उद्धृत करके शुरू करना चाहता हूं, जो भारत के संविधान के बारे में और उनके विचार से भारत को कैसे चलाया जाना चाहिए, उसके बारे में कहते हैं – “भारत के संविधान की सबसे बुरी बात यह है कि इसमें कुछ भी भारतीय नहीं है। मनुस्मृति वह धर्मग्रंथ है जो हमारे हिंदू राष्ट्र के लिए वेदों के बाद सबसे अधिक पूजनीय है और जिससे हमारी प्राचीन संस्कृति, रीति-रिवाज, विचार और व्यवहार का आधार बना है। इस पुस्तक ने सदियों से हमारे राष्ट्र की आध्यात्मिक और दैवीय यात्रा को संहिताबद्ध किया है। आज मनुस्मृति ही कानून है।” ये सावरकर के शब्द हैं…सावरकर ने अपने लेखन में स्पष्ट रूप से कहा है कि हमारे संविधान में कुछ भी भारतीय नहीं है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि जिस पुस्तक से भारत चलता है, उसे इस पुस्तक से हटा दिया जाना चाहिए। इसी बात को लेकर लड़ाई है।

राहुल गांधी ने कहा कि मैंने अपने पहले भाषण में युद्ध के विचार का वर्णन किया, मैंने महाभारत का वर्णन किया, कुरुक्षेत्र का वर्णन किया। आज भारत में एक युद्ध हो रहा है। एक तरफ (विपक्ष की तरफ) संविधान के विचार के रक्षक हैं। प्रत्येक राज्य से हमारे पास एक है, अगर आप हमसे तमिलनाडु के बारे में पूछेंगे – तो हम आपको पेरियार कहेंगे, अगर आप हमसे कर्नाटक के बारे में पूछेंगे – तो हम कहेंगे बसवन्ना, अगर आप हमसे महाराष्ट्र के बारे में पूछेंगे – तो हम कहेंगे फुले जी, अंबेडकर जी, अगर आप हमसे गुजरात के बारे में पूछेंगे – तो हम कहेंगे महात्मा गांधी। आप इन लोगों की झिझक के साथ प्रशंसा करते हैं क्योंकि आपको करना ही पड़ता है। लेकिन सच्चाई यह है कि आप चाहते हैं कि भारत को वैसे ही चलाया जाए जैसे पहले चलाया जाता था।

राहुल गांधी ने हाथरस, संभल, अग्निवीर का मुद्दा उठाया

राहुल गांधी ने इस दौरान हाथरस दुष्कर्म मामला, अग्निवीर योजना और संभल हिंसा समेत कई मुद्दे उठाकर केंद्र पर तीखा हमला किया। हाथरस बलात्कार मामले का जिक्र करते हुए गांधी ने कहा कि अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। उन्हें अपराधी धमका रहे हैं। क्या उत्तर प्रदेश में संविधान लागू नहीं है। गांधी ने महाभारत युद्ध को याद किया और सत्तारूढ़ भाजपा नीत राजग के साथ विपक्ष की लड़ाई का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश में वैसी ही स्थिति बनी हुई है।

यूपी में संविधान नहीं मनु स्मृति लागू है- राहुल गांधी

हाथरस रेप केस को लेकर राहुल के निशाने पर यूपी की योगी सरकार भी रही। राहुल ने कहा कि हाथरस में चार साल पहले एक दलित युवती का बलात्कार हुआ। अपराधी बाहर घूम रहे हैं जबकि पीड़ित परिवार कैद का जीवन जी रहा है। ये संविधान में कहां लिखा है? यूपी में संविधान नहीं मनु स्मृति लागू है।

‘हमारा अगला कदम जातिगत जनगणना कराना है’

राहुल गांधी ने कहा कि जैसे द्रोणाचार्य ने एकलव्य का अंगूठा काटा वैसे ही आप (पीएम मोदी) हिंदुस्तान के लोगों का युवाओं का अंगूठा काट रहे हैं। जब आप अडानी को धारावी बेचते हैं तो धारावी के लोगों का अंगूठा काटते हैं। जब आप अडानी की मदद करते हैं तो आप उद्यमियों, छोटे और मध्यम व्यवसायों के अंगूठे काट देते हैं। जब आप भारत के बंदरगाहों, हवाई अड्डों और रक्षा उद्योग को अडानी को सौंपते हैं, तो आप भारत के उन सभी निष्पक्ष व्यापारियों के अंगूठे काट देते हैं जो ईमानदारी से काम करते हैं।

शंभू बॉर्डर से दिल्ली की ओर कूच कर रहे किसान, बैरिकेड तोड़ने की कोशिश, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

राहुल गांधी ने कहा कि हम देश में जाति जनगणना के जरिए दिखाना चाहते हैं कि आपने किस किसका अंगूठा काटा है। आरक्षण की सीमा की 50 प्रतिशत की दीवार भी हम ही गिराएंगे। राहुल ने कहा कि हमारा अगला कदम देश में जातिगत जनगणना कराना है।

राहुल गांधी ने अंबेडकर का किया जिक्र

गांधी ने कहा कि अंबेडकर जी ने कहा था- ‘अगर राजनीतिक समानता है लेकिन सामाजिक और आर्थिक समानता नहीं है, तो राजनीतिक समानता नष्ट हो जाएगी’, ये अंबेडकर जी के शब्द हैं। आज ये सबके सामने है। राजनीतिक समानता खत्म हो गई है। भारत की सभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया गया है, सामाजिक समानता नहीं है, आर्थिक समानता नहीं है, इसलिए हमारा अगला कदम जाति जनगणना होगी।’

राहुल गांधी को इतिहास नहीं पता- गिरिराज सिंह

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के भाषण पर कहा, “राहुल गांधी को इतिहास नहीं पता है। जिस राहुल गांधी के परिवार में सिर्फ संविधान की धज्जियां उड़ाई गईं, उनकी दादी कई बार तानाशाह बनीं और वे दूसरों को नसीहत देते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब भी संविधान का सहारा लिया तो गरीबों के लिए लिया और कांग्रेस ने जब भी सहारा लिया, तो तानाशाही के लिए लिया, अपने लिए लिया।”

यह भी पढ़ें-

अरविंद केजरीवाल ने गृहमंत्री अमित शाह को लिखा पत्र, दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा के लिए मांगा समय

DMK सांसद ए. राजा ने NDA नेताओं को ‘Bad Elements’ कहा, लोकसभा में बवाल, माफी की मांग