मालेगांव ब्लास्ट केस में जमानत पर बाहर भोपाल से भारतीय जनता पार्टी की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह क्रिकेट खेलती नजर आ रही हैं। भाजपा सांसद भोपाल के शक्ति नगर इलाके में क्रिकेट खेलती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि मालेगांव ब्लास्ट केस में वह स्वास्थ्य कारणों से जमानत पर हैं। वहीं, अब क्रिकेट खेलने का वीडियो सामने आने के बाद उनकी जमानत को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सामने आए वीडियो में प्रज्ञा सिंह ठाकुर बैटिंग करती नजर आ रही हैं। इस दौरान वह आसानी से शॉट्स खेलती दिखाई दे रही हैं और वहां मौजूद लोग तालियां बजा रहे हैं। प्रज्ञा सिंह ठाकुर के क्रिकेट खेलने पर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने तंज कसा है।

कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने भाजपा सांसद का क्रिकेट खेलने के दौरान का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘व्हील चेयर पर ज़्यादातर समय नजर आने वाली ,बीमारी के कारण न्यायालय से राहत पाने वाली साध्वी जब क्रिकेट खेलते, फ़ुटबॉल खेलते, समारोह में नृत्य करते दिखती हैं तो खुशी होती है और ऐसा लगता है कि यह कोई आठवां अजूबा है। इस चमत्कार पर तो विश्व के डॉक्टरों को शोध करना चाहिए।” इसी तरह सोशल मीडिया पर भी उनके आलोचक तरह-तरह के सवाल कर रहे हैं।

मालेगांव विस्फोट मामले में जमानत पर बाहर चल रहीं भाजपा सांसद को इसके पहले, अक्टूबर महीने में नवरात्रि के दौरान गरबा नृत्य करते हुए देखा गया था। इसके बाद वह भोपाल में बास्केटबॉल खेलते हुए नजर आई थीं। जबकि, कुछ महीने पहले भोपाल के एक मैदान में महिला खिलाड़ियों के साथ वह कबड्डी का लुत्फ उठाती नजर आई थीं। उस वक्त भी विपक्ष ने प्रज्ञा सिंह ठाकुर के फुटबॉल और कबड्डी खेलने को लेकर तंज कसा था।

प्रज्ञा सिंह ठाकुर 2008 के मालेगांव ब्लास्ट केस में आरोपी हैं। इन धमाकों में 10 लोगों की मौत हो गई थी। एनआईए ने उन्हें स्वास्थ्य कारणों के आधार पर जमानत दे दी थी। प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा के टिकट पर भोपाल सीट से चुनाव लड़ा था और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को हराया था।