कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन ने दुनियाभर की चिंताएं बढ़ा दी है। भारत में इस नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के दो मामले सामने आए हैं। इसी बीच, राजस्थान के जयपुर में एक ही परिवार के 9 सदस्य कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से चार सदस्य दक्षिण अफ्रीका से लौटे हैं।

एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका से लौटे लोगों को राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस) के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और सभी नौ लोगों के नमूने जीनोम सीक्वेंस के लिए जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल भेजे गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नरोत्तम शर्मा ने बताया कि परिवार के 14 सदस्यों के नमूने लिए गए, जिनमें से 9 में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

उन्होंने कहा कि कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में यह पाया गया कि उनमें से चार दक्षिण अफ्रीका से लौटे थे। अधिकारी ने कहा कि दिशा-निर्देशों के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका से लौटे लोगों को आरयूएचएस अस्पताल में आइसोलेट कर दिया गया है, जबकि अन्य पांच को होम क्वारंटाइन किया गया है।

राजस्थान में फिलहाल कोरोना वायरस के 213 एक्टिव मामले हैं। सबसे ज्यादा 114 एक्टिव केस अकेले जयपुर में हैं। प्रदेश में गुरुवार को 21 नए कोरोना संक्रमित केस सामने आए थे। इनमें से 8 राजधानी जयपुर से थे। जबकि 24 जिलों में 110 कोरोना मरीज ठीक हुए हैं।

बेंगलुरु में दो ओमिक्रोन मामलों का पता चलने के एक दिन बाद, कर्नाटक सरकार ने राज्य में नई कोरोना गाइडलाइन को लागू कर दिया है। अब मॉल और थिएटर में पूरी तरह से टीका लगवाने वालों को ही एंट्री दी जाएगी। स्कूलों और कॉलेजों में सभी सांस्कृतिक गतिविधियों को जनवरी 2022 तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

इसके पहले, कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के सुधाकर ने बताया था कि दक्षिण अफ्रीका में ओमिक्रोन के पाए जाने के बाद, 57 यात्री बेंगलुरु में उतरे हैं। उनसे 10 यात्रियों का पता नहीं चल पाया है। उनके मोबाइल फोन स्विच ऑफ हैं और वो दिए गए पते पर भी मौजूद नहीं हैं।”