New Vande Bharat Train: देश की चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत गुरुवार (13 अक्टूबर, 2022) को हो जाएगी। जो उत्तर भारत के लोगों के लिए राजधानी दिल्ली की दूरी को अब और कम कर देगी। दिल्ली से हिमाचल प्रदेश के ऊना तक जाने वाली इस ट्रेन का पीएम मोदी गुरुवार को ऊना स्टेशन से हरी झंडी दिखाएंगे।

हालांकि नियमित संचालन की शुरुआत की तारीख और किराए की घोषणा अभी बाकी है। रिपोर्ट के मुताबकि यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर हर दिन चलेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस ऊना जिले के अंब अंदौरा से दोपहर 1 बजे चलेगी और पंजाब के आनंदपुर साहिब में रुकेगी, जो सिखों का एक प्रमुख पवित्र शहर है। उसके बाद दोपहर 3.35 बजे ट्रेन चंडीगढ़ पहुंचेगी और 6.25 बजे ये ट्रेन दिल्ली पहुंचेगी। इससे पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी और राष्ट्रीय राजधानी के बीच ट्रेन यात्रा के समय में आधे घंटे की कमी आएगी।

फिलहाल शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेनें चंडीगढ़-दिल्ली यात्रा में करीब साढ़े तीन घंटे का समय लेती हैं। अंब के मूल स्टेशन से दिल्ली तक का सफर महज साढ़े पांच घंटे का होगा। रिवर्स रूट पर यह दिल्ली से सुबह 5.50 बजे शुरू होगी और 10.34 बजे ऊना पहुंचेगी और 11.05 बजे अंब अंदौरा में समाप्त होगी। यह ट्रेन अधिकतम 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकती है।

यह सेमी-हाई-स्पीड वंदे भारत ट्रेनों का ‘उन्नत संस्करण’ है, इसके साथ ही बहुत हल्का और कम अवधि में उच्च गति तक पहुंचने में सक्षम है। नोट में कहा गया है, ‘यह केवल 52 सेकंड में 100 किमी / घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। ट्रेन की शुरूआत से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और यात्रा का एक आरामदायक और तेज तरीका प्रदान करने में मदद मिलेगी।’ वंदे भारत ट्रेनें वर्तमान में दिल्ली-वाराणसी और गांधीनगर-मुंबई के अलावा दिल्ली-कटरा (जम्मू) रूट पर चलती हैं।

पीएम मोदी हरौली में बल्क ड्रग पार्क की आधारशिला रखेंगे

हिमाचल के ऊना में ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऊना जिले के हरोली में एक बल्क ड्रग पार्क की आधारशिला रखेंगे। जिसको 1,900 करोड़ से अधिक की लागत से बनाया जाएगा। सरकारी नोट में कहा गया है, ‘इससे लगभग 10,000 करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित करने और 20,000 से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान करने की उम्मीद है।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT), ऊना को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 2017 में पीएम द्वारा आधारशिला रखी गई थी। इस आईआईआईटी में वर्तमान में 500 से अधिक छात्र पढ़ रहे हैं।