बीजेपी ने अपने नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। बीजेपी के अगले राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन होंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि पार्टी ने नितिन नबीन को नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। माना जा रहा है नितिन नबीन बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष भी होंगे। कुछ ऐसा ही जेपी नड्डा के समय हुआ था। पहले उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और उसके बाद उन्हें ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है।
नितिन नबीन आज सुबह 10 बजे दिल्ली पहुंचेंगे और उसके बाद पार्टी मुख्यालय जाएंगे। नितिन नबीन का पार्टी ऑफिस पर भव्य स्वागत होगा। नितिन नबीन सोमवार यानी आज गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर सकते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त होने पर नितिन नबीन ने कहा, “यह पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का नतीजा है। मेरा मानना है कि जब आप एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में काम करते हैं, तो पार्टी के वरिष्ठ नेता हमेशा इस बात पर ध्यान देते हैं और मैं उनके साथ काम करना जारी रखूंगा।”
बीजेपी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का पहला रिएक्शन
पीएम मोदी ने दी बधाई
पीएम मोदी ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वे एक युवा और कर्मठ नेता हैं, जिन्हें संगठनात्मक अनुभव का भरपूर लाभ है और बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है। उन्होंने जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अथक परिश्रम किया है। वे अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।”
कौन हैं नितिन नबीन?
नितिन नबीन कायस्थ जाति से आते हैं और 45 साल के हैं। 26 साल की उम्र में नितिन नबीन विधायक बन गए थे। वह 26 साल की उम्र में विधायक बन गए थे और 45 साल की उम्र में बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बन गए। वर्तमान में नितिन नबीन बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री हैं। वह बीजेपी के दिग्गज नेता नवीन किशोर सिन्हा के बेटे हैं।
2006 में नितिन नबीन पटना वेस्ट विधानसभा सीट से पहली बार उपचुनाव जीत कर विधानसभा पहुंचे थे। उसके बाद वह लगातार चुनाव जीतते गए। 2008 में परिसीमन के बाद पटना वेस्ट का नाम बांकीपुर विधानसभा सीट हो गया और यहीं से नितिन नबीन विधायक बनते आए हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव में नितिन नबीन ने राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी को 51936 वोट से हराया। वहीं 2020 में नितिन नबीन ने शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को हराया था।
राजनाथ ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने X पर नितिन नबीन को बधाई देते हुए लिखा, “बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता नितिन नबीन को बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। वे एक कर्मठ कार्यकर्ता और कल्पना क्षमता के धनी व्यक्ति हैं। प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरक नेतृत्व में वे भाजपा को सफलता की नई बुलंदियों तक ले जाने में अवश्य सफल होंगे। उनके कार्यकाल की सफलता के लिए उन्हें बहुत शुभकामनाएं।”
