Maharashtra Election Result 2024 (महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम 2024), ECI Maharashtra Election Results 2024 Updates: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के आकड़े बिल्कुल साफ हो चुके हैं। 288 सीटों पर हुए इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली महायुति ने एग्जिट पोल को गलत साबित करते हुए सत्ता में फिर से वापसी की है। महायुति ने 230 सीटें जीती हैं। वहीं महाविकास अघाड़ी के खाते में 46 और अन्य 13 सीटें जीतने में सफल हो पाए। महायुति में भारतीय जनता पार्टी ने 132 सीटों पर जीत दर्ज की और मुख्यममंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में चुनावी दंगल में उतरी शिवसेना ने 55 सीटों पर कब्जा जमाया और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 41 सीटों पर बाजी मारी।
Maharashtra ECI Election Results LIVE: Check Here
महाराष्ट्र विधानसभा की सभी 288 सीटों के लिए 20 नवंबर को एक ही फेज में वोटिंग हुई थी और इसमें करीब 66.05 फीसदी मतदान हुआ था। मुंबई शहर में सबसे कम 52.65 फीसदी वोटिंग हुई थी और गढ़चिरौली में सबसे ज्यादा मतदान हुआ था।
Jharkhand Election Results 2024 LIVE| Maharashtra Election Results 2024 LIVE
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए जुड़े रहिये जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…
कांग्रेस नेता तारिक हमीद कर्रा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में महायुति की जीत पर कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव नतीजों ने हमें चौंका दिया है। हमें उम्मीद थी कि एमवीए जीतेगी, लेकिन किसी ने भी इस नतीजे को स्वीकार नहीं किया। यहां तक कि आम लोग भी नतीजों से हैरान हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर एनसीपी-एससीपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि परिणाम अप्रत्याशित हैं। हमें परिणामों को स्वीकार करना होगा लेकिन यह मुश्किल है क्योंकि जमीनी हकीकत पूरी तरह से अलग थी।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस नेता डॉ नितिन राउत ने कहा कि अगर 17वें-18वें राउंड तक महा विकास अघाड़ी 30,000 वोटों से आगे थी, तो हम अचानक कैसे पिछड़ गए और हार का सामना करना पड़ा? हमें इस पर आत्मचिंतन करना चाहिए। हमें यह भी समझना चाहिए कि भाजपा इन चुनावों में क्यों उतरी और उन्होंने किस तरह से लड़ाई लड़ी। आखिर में, क्या हमने विधानसभा चुनाव ठीक उसी तरह लड़ा, जिस तरह से हम लोकसभा चुनाव के दौरान एकजुट होकर लड़े थे? इस पर भी आत्मचिंतन करना चाहिए। अगर नेतृत्व में कमियाँ हैं, तो हमें कमियों को दूर करने के लिए आगे कदम उठाने होंगे।
भातीय जनता पार्टी के नेता बावनकुले ने कहा कि महायुति नेता और बीजेपी का नेतृत्व तय करेंगे कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।
महाराष्ट्र बीजेपी चीफ चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि महाराष्ट्र में इस बार विपक्ष का कोई नेता नहीं होगा। यह कांग्रेस और विपक्ष के गलत कामों का नतीजा है। उन्होंने लोकसभा चुनाव में फर्जी खबरें फैलाईं और उस समय मतदाताओं को धोखा दिया। इसलिए जब विधानसभा चुनाव में लोगों को इस बारे में पता चला, तो मतदाताओं ने उन्हें बाहर कर दिया, जैसा कि उन्होंने हरियाणा में किया था।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों पर बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कहा कि यह हमारी पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक जीत है। हम सभी बहुत उत्साहित हैं और हम देश के लोगों के आभारी हैं। मुझे (महा विकास अघाड़ी की) हार का अनुमान था।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि ऐसा लगता है कि ईवीएम हैक के कारण हम महाराष्ट्र हार गए हैं, यह हमारे नेताओं की राय है। हम चुनाव के लिए उचित रणनीति बनाने में भी विफल रहे हैं। हमें लगा था कि महाराष्ट्र में एमवीए सत्ता में आएगी, लेकिन सब कुछ उल्टा हो गया।
कांग्रेस के नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हमें समझ में नहीं आ रहा है कि क्या हुआ। यह सिर्फ कांग्रेस पार्टी की पराजय नहीं है, बल्कि पूरे महा विकास अघाड़ी की पराजय है। पहले हमें यह स्पष्ट रूप से पता चल जाए कि क्या हुआ है।
शिवसेना विधायक दल की बैठक आज होगी, जिसमें औपचारिक रूप से नेता का चुनाव होगा। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शिवसेना महायुति ने कुल 288 सीटों में से 231 सीटें जीतीं।
एनसीपी नेता सुरेखा ठाकरे ने कहा कि महिलाओं ने हमें (महायुति को) जबरदस्त समर्थन दिया है (इस राज्य विधानसभा चुनाव में)। मैं सभी बहनों, बेटियों और महिलाओं का तहे दिल से शुक्रिया अदा करती हूं और आभार व्यक्त करती हूं। पहली बार किसी सरकार ने महिलाओं को इतना मजबूत समर्थन दिया है और मैं बहुत खुश हूं।
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राऊत ने कहा कि भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों के लिए जिम्मेदार हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले और अप्रत्याशित हैं। किसी ने भी ऐसे नतीजों की उम्मीद नहीं की थी। पीएम मोदी ने यहां से पूरी इंडस्ट्री को गुजरात में शिफ्ट कर दिया, तो लोग उन्हें वोट क्यों देंगे? अगर कोई इसके लिए जिम्मेदार है, तो वह (पूर्व) डीवाई चंद्रचूड़ हैं। इतिहास उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।
शिवसेना नेता दीपक केसरकर ने कहा कि उद्धव (ठाकरे) मेरे निर्वाचन क्षेत्र में आए। मैं साईं बाबा का भक्त हूं, उन्होंने उनका अनादर किया। भले ही मैंने उन्हें साईं बाबा का शॉल भेंट किया और उनकी पत्नी ने कहा कि वह उस शॉल की वजह से सीएम बने। उन्हें लोगों की आस्था का अनादर करने की सजा मिली। कई सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद, उन्होंने उतनी सीटों पर जीत हासिल नहीं की। यह महाराष्ट्र और भारत की संस्कृति है कि हम भगवान में विश्वास करते हैं और उनका अनादर नहीं करते।
बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कल पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘एक हैं तो सुरक्षित हैं’। उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस पर भी यही बात कही। यह नारा पूरे देश के लिए संदेश बन गया। महाराष्ट्र ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है जो इस देश को बांटना चाहती है। हेमंत सोरेन की जीत से राज्य में घुसपैठ की समस्या नहीं बदलेगी।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने कह कि हम निराश नहीं हैं, हम लड़ने वाले लोग हैं। हम बालासाहेब ठाकरे के शिवसैनिक हैं। बालासाहेब ठाकरे ने भी अपने जीवन में हार और जीत देखी है। महाराष्ट्र की जनता दुखी है, खुश नहीं है, जश्न कहां है? बीजेपी दफ्तर या एकनाथ शिंदे के घर पर कुछ हुआ होगा, लेकिन जो नतीजे आए हैं, लोग अभी भी हैरान हैं कि यह कैसे हो गया।
सावनेर विधानसभा सीट से बीजेपी के विजयी उम्मीदवार डॉ. आशीषराव देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता भाजपा के साथ खड़ी है। राज्य में हमें अभूतपूर्व नतीजे मिले हैं। संसदीय बोर्ड सीएम का चेहरा तय करेगा। अगर भाजपा के कार्यकर्ताओं की बात करें तो वे देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में हैं। हमें उम्मीद है कि सीएम का चेहरा भाजपा से ही होगा।
बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने कहा कि नाना पटोले, रमेश चेन्निथला, संजय राउत और उद्धव ठाकरे ईवीएम को दोष दे रहे हैं। लोकसभा चुनाव के समय भी यही ईवीएम इस्तेमाल की गई थी। उस समय उन्होंने ईवीएम को दोष नहीं दिया। हमने झारखंड में अपनी हार स्वीकार कर ली है। जब हम महाराष्ट्र में जीते तो वे ईवीएम को दोष दे रहे हैं।
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा कि मैं मुंबा देवी के मतदाताओं को धन्यवाद देना चाहती हूं कि उन्होंने मुझे 40,150 वोट दिए, जो शिवसेना के किसी भी उम्मीदवार को मिले सबसे ज्यादा वोट हैं। मैं उन लोगों से भी कहना चाहती हूं जिन्होंने वोट नहीं दिया कि प्रगति और विकास के लिए वोट दें क्योंकि हमने पिछले 15 वर्षों में इस क्षेत्र के साथ हुए अन्याय को देखा है। महाराष्ट्र में महायुति ने जिस तरह की जीत देखी है, वह राजनीतिक प्रदर्शन की सुनामी है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री माझी लड़की बहन योजना एक गेम चेंजर के रूप में उभरी, जिसमें रेखाताई जाधव जैसी महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये का सीधा नकद हस्तांतरण किया गया । मध्य प्रदेश की लाडली बहना योजना से प्रेरित यह कल्याणकारी योजना ग्रामीण महिलाओं के बीच गहराई से उतरी, जो भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति की व्यापक जीत में एक महत्वपूर्ण कारक बन गई।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों पर भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा कि लोगों ने सुशासन और विकास का समर्थन किया है। इसी तरह, वह समय दूर नहीं जब तमिलनाडु के लोग पीएम मोदी की अच्छी परियोजनाओं का समर्थन करेंगे। मेरा मानना है कि तमिलनाडु के लोग देखेंगे कि 2026 (विधानसभा चुनाव) में कौन आपके लिए अच्छा करेगा और उसी के अनुसार वोट करेंगे। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति संदिग्ध है।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि जब भी वे (कांग्रेस) चुनाव हारते हैं, तो इसके लिए चुनाव आयोग और ईवीएम को दोषी ठहराते हैं। उनके अनुसार, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और वायनाड में यह लोकतंत्र की जीत थी, लेकिन महाराष्ट्र में लोकतंत्र हार गया। वे जनता की अंतरात्मा पर सवाल उठा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी भाई-भतीजावाद को लोकतंत्र से ऊपर रखती है।
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि जो लोग ईवीएम को दोष दे रहे हैं, मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि झारखंड में भी यही ईवीएम इस्तेमाल की गई थी, जहां नतीजे आपके पक्ष में आए। वे इस बात को पचा नहीं पा रहे हैं कि महाराष्ट्र से लेकर उत्तर प्रदेश तक उनकी ‘झूठ की दुकान’ का पर्दाफाश हो गया है। अगर आप (इंडिया गठबंधन) अपनी हार के लिए ईवीएम को दोष दे रहे हैं तो आपको उन राज्यों से इस्तीफा दे देना चाहिए जहां आपने सरकार बनाई है। कांग्रेस का मतलब लोकतंत्र विरोधी है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति की जीत पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि मैं महाराष्ट्र के लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं, साथ ही मैं लोगों के कल्याण के लिए उनकी क्रांतिकारी योजनाओं के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को श्रेय देना चाहता हूं। उन्होंने महाराष्ट्र के लोगों का विश्वास जीता, इसलिए उन्होंने हमें वोट दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि संविधान में वक्फ कानून के लिए कोई जगह नहीं है, लेकिन फिर भी कांग्रेस ने (गांधी) परिवार के वोट बैंक को साधने के लिए यह सुविधा दी।
पीएम मोदी ने कहा कि, “वे अब अपने ही सहयोगियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। जैसे महाराष्ट्र में। उन्होंने हर 5 सीटों में से 4 सीटें खो दीं। कांग्रेस ने सबसे ज़्यादा सीटों पर चुनाव लड़ा और हार का पैमाना और भी बड़ा था। यूपी में सहयोगियों ने कांग्रेस छोड़ दी है, नहीं तो उन्हें भी हार का खामियाजा भुगतना पड़ता।
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, “सभी ने मुझे बधाई दी, मैं उनका धन्यवाद करता हूं। मैं महाराष्ट्र की जनता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी धन्यवाद करता हूं। यहां डबल इंजन की सरकार काम कर रही थी और यहां विकास कार्य हुए, केंद्र सरकार ने भी हमारा साथ दिया।
जामनेर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार गिरीश महाजन के विजयी होने और महाराष्ट्र में महायुति की सरकार बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला।
बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र नागपुर दक्षिण पश्चिम को बरकरार रखा। उन्होंने कांग्रेस के प्रफुल्ल गुडाधे को 39,710 वोटों के अंतर से हराया। वंचित बहुजन अघाड़ी के विनय भांगे तीसरे स्थान पर रहे।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने कहा कि लड़की बहिन योजना जैसी कुछ योजनाओं ने हमारी जीत में बड़ी भूमिका निभाई है। मैं अपने मतदाताओं को एक बार फिर मुझे यह जिम्मेदारी देने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं अगले पांच साल तक राज्य के विकास के लिए काम करना जारी रखूंगा।
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों पर कहा कि एमवीए के लिए शायद यह गलत हुआ कि हमने सभ्य तरीके से व्यवहार किया। लेकिन अब वे [एनडीए] जीत चुके हैं, और मुझे उन्हें बधाई देने में कोई समस्या नहीं है। अब मुझे उम्मीद है कि उन्होंने जो भी वादे किए हैं, वे उन्हें जल्द ही पूरा करेंगे और बाद में कोई यह नहीं कहेगा कि चुनाव जीतने के लिए जुमले इस्तेमाल किए गए। मुझे उम्मीद नहीं थी कि मेरा महाराष्ट्र, जिसके लिए मैंने पूरे दिल से काम किया, मेरे साथ ऐसा करेगा।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना से पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के लिए पार्टी के पर्यवेक्षक अशोक गहलोत ने कहा कि अगर अभी एग्जिट पोल हमारे खिलाफ हैं, तो हरियाणा चुनाव के दौरान वे हमारे पक्ष में थे। लेकिन जब नतीजे आने शुरू होंगे तो आपको स्थिति पता चल जाएगी। हमें विश्वास है कि जनता ने इंडिया अलायंस पर अपना भरोसा जताया है और हमें आशीर्वाद दिया है। हमें भरोसा है और हमारे कार्यकर्ता उत्साहित हैं। इंडिया अलायंस ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा है, माहौल हमारे पक्ष में है। हमें उम्मीद है कि हमारी सरकार सत्ता में आएगी। हमें उम्मीद है कि मतगणना सुचारू रूप से होगी।