भोपाल में कोरोना को प्रकोप तो पहले से ही बहुत ज्यादा है। अब एक नई खबर में और सनसनी फैला दी है। रिपोर्टों के मुताबिक, शहर से सबसे बड़े कोरोना हॉटस्पॉट जहांगीराबाद में एडवांस में कब्रें खोदी जा रही हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, एक साथ 12 कब्रें खोदी गईं हैं। यह खबर लगते ही इलाके में सनसनी फैल गई है।

इस मामले को लेकर कब्रिस्तान कमेटी ने सफाई भी दी है। उसकी ओर से कहा गया है कि रमजान (Ramadan) और लॉकडाउन (Lockdown) के कारण मजदूर नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में किसी शव को सुपुर्द-ए-खाक करने में दिक्कत नहीं आए, इसलिए पहले से इंतजाम किए गए हैं।

शहर के हमीदिया के साथ-साथ दूसरे कोरोना अस्पताल से भी शवों को इसी कब्रिस्तान में लाया जाता है। कब्रिस्तान में कब्र की खोदाई से लोगों की चिंता बढ़ गई है। कब्रिस्तान में 2 दिन पहले जेसीबी की मदद से 12 कब्रों की खोदाई कराई गई। कब्रिस्तान कमेटी के अध्यक्ष रेहान ने बताया, एक महीने में 38 शवों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया है। यहां पर हमीदिया के अलावा कोरोना अस्पताल से सीधे शव लाए जाते हैं। इन शवों को ज्यादा समय तक रखा नहीं जा सकता, यही वजह है कि पहले से कब्र खोदी गई है।

बता दें कि देश में कोरोनावायरस संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या 27 हजार के पार गई है। मध्य प्रदेश में भी कोरोना संक्रमितों के मामलों में देश में छठे नंबर पर है। मध्य प्रदेश में अब तक 4400 से ज्यादा से कोरोना के मामले मिल चुके हैं। अकेले इंदौर में यह संख्या 2200 के पार पहुंच गई है। राजधानी भोपाल में भी स्थिति अच्छी नहीं है। वहां अब तक 900 से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं।